भोपाल: लघु उद्योग भारती मध्य प्रदेश आगामी 23-24 अगस्त 2025 को भोपाल के गोविंदपुरा एमएसएमई कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय स्टार्टअप एवं उद्यमी महाकुंभ 2025 का आयोजन कर रहा है। इस अवसर पर गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में बने लघु उद्योग भारती मध्य प्रदेश के नवीन प्रदेश कार्यालय भवन का भी लोकार्पण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्णगोपाल जी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र जी और अखिल भारतीय अध्यक्ष श्री घनश्याम ओझा शामिल होंगे। महाकुंभ के उद्घाटन सत्र का विषय “पंच परिवर्तन” होगा, जिसमें डॉ. कृष्णगोपाल जी मुख्य वक्ता के रूप में उद्बोधन देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप जी करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री प्रकाश चंद्र जी, श्री घनश्याम ओझा, श्री विश्वास सारंग जी, श्रीमती कृष्णा गौर, प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश कुमार मिश्रा और महामंत्री श्री अरुण सोनी उपस्थित रहेंगे। लघु उद्योग भारती सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों के बीच कार्य करने वाला एक राष्ट्रीय संगठन है, और मध्य प्रदेश इकाई द्वारा प्रदेश के 55 जिलों से उद्यमियों को शामिल करते हुए महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में प्रेरक भाषण, निवेशकों के साथ नेटवर्किंग, नवाचार और स्टार्टअप की प्रदर्शनी, तथा व्यवसाय विकास पर कार्यशालाएँ आयोजित की जाएंगी। इसमें प्रदेश भर से लगभग 1000 उद्यमी भाग लेंगे और वे नवीन लघु उद्योग स्थापित करने, महिला उद्यमियों के कार्य को बढ़ाने तथा लघु उद्योग से जुड़े उद्यमियों को व्यापार में आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा करेंगे।

