भीलवाड़ा में लघु उद्योग भारती व कट्स संस्थान द्वारा साइबर अपराध जागरूकता कार्यशाला सम्पन्न
लघु उद्योग भारती भीलवाड़ा इकाई एवं कट्स संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 28 मार्च को कांची रिसॉर्ट, भीलवाड़ा के सभागार में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता एवं सुरक्षा विषयक कार्यशाला का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यशाला एशिया फाउंडेशन के सहयोग से, साइबर पुलिस थाना एवं श्रम विभाग की सहभागिता में आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) के संचालकों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता और क्षमता का विकास करना था। कार्यशाला में कट्स संस्थान, जयपुर से साइबर सुरक्षा कार्यक्रम प्रभारी श्री आकर्ष भार्गव ने भारत में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि देश की GDP का 30% हिस्सा MSMEs से आता है, परंतु 60% MSMEs साइबर हमलों से प्रभावित हो चुके हैं। 2021 के बाद से छोटे व्यवसायों के खिलाफ साइबर अपराधों में 300% की वृद्धि दर्ज की गई है, और भारत में 43% साइबर हमले सीधे छोटे व्यवसायों को निशाना बनाते हैं। उन्होंने WhatsApp हैकिंग, सिम स्वैपिंग, OTP फ्रॉड, लोन ऐप फ्रॉड, कॉल फॉरवर्डिंग फ्रॉड, साइबर एक्सटॉर्शन, क्रिप्टोकरंसी फ्रॉड व सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों का उल्लेख किया और भारत सरकार की हेल्पलाइन 1930 एवं मोबाइल सिम के दुरुपयोग के लिए सरकारी पोर्टल की जानकारी साझा की। भीलवाड़ा साइबर पुलिस थाना से श्री अंकित यादव ने RBI के दिशा-निर्देशों और साइबर अपराध की तुरंत रिपोर्ट करने की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित को अपराध होने पर तत्काल 1930 या संबंधित पोर्टल पर शिकायत करनी चाहिए। प्रीमिया इंश्योरेंस के श्री महेंद्र राणा ने साइबर इंश्योरेंस की उपयोगिता समझाई और बताया कि भारत में 76 करोड़ से अधिक इंटरनेट उपयोगकर्ता हैं और यह संख्या 2027 तक चीन से भी अधिक हो सकती है, ऐसे में साइबर सुरक्षा की अनदेखी नहीं की जा सकती। कार्यक्रम में श्रम विभाग के निरीक्षक शिवप्रसाद, लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त सचिव श्री राजकुमार मेलाना, प्रदेश सदस्य श्री रामकिशोर काबरा, प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री संजीव चिरानिया, प्रांतीय संयुक्त सचिव श्री अजय मुंदड़ा, प्रांतीय कोषाध्यक्ष श्री शिव प्रकाश झंवर, महिला इकाई प्रांतीय सदस्य श्रीमती विमला मुणोत, इकाई अध्यक्ष श्री शंभू प्रसाद काबरा, सचिव श्री कमलेश मुणोत, ग्रोथ सेंटर इकाई अध्यक्ष श्री रामप्रकाश काबरा, सचिव श्री गिरीश अग्रवाल सहित अनेक सदस्य व गणमान्यजन उपस्थित रहे। कुछ प्रतिभागियों ने साइबर धोखाधड़ी से जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा किए, जिससे कार्यशाला और भी व्यावहारिक व उपयोगी बन गई। कार्यक्रम का संचालन श्री गौरव चतुर्वेदी ने किया तथा आभार इकाई अध्यक्ष श्री शंभू प्रसाद काबरा द्वारा व्यक्त किया गया।

