कल शाम मुख्यमंत्री निवास, जयपुर में आगामी राजस्थान दिवस 2025 के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण संवाद आयोजित किया गया, जिसमें राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश मित्तल, अन्य पदाधिकारीगण एवं प्रदेश के प्रमुख उद्यमियों के साथ आत्मीय चर्चा की। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री ने राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से देशभर के प्रवासी राजस्थानियों से संवाद एवं सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने आग्रह किया कि राजस्थान दिवस केवल एक दिन का आयोजन न होकर, इसे एक उत्सव के रूप में मनाया जाए, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों के प्रमुख शहरों में भी कार्यक्रम आयोजित हों, जो प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं, कला, संस्कृति और उद्यमिता को उजागर करें। मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को जनसहभागिता और उद्यमिता के समन्वय से और भी भव्य बनाने के लिए लघु उद्योग भारती के सहयोग को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया, और सभी उपस्थितजन से इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

