युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करता लघु उद्योग भारती काशी प्रांत का संयुक्त प्रयास
आज औद्योगिक आस्थान, चांदपुर, वाराणसी स्थित एमएसएमई विभाग के सभागार में लघु उद्योग भारती काशी प्रांत तथा एमएसएमई डीएफओ वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता की दिशा में प्रोत्साहित करना था।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर प्रदीप कुमार मिश्रा, रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग, आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी तथा पूर्व कुलपति – AKTU लखनऊ एवं JUT रांची, संस्थापक – मालवीय नवप्रवर्तन एवं उद्यमिता संवर्धन केंद्र (MCIIE), वाराणसी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उद्यमी बनने के लिए आत्मविश्वास सबसे पहली आवश्यकता है। एक सफल उद्यमी बनने के लिए व्यक्ति में चुनौतीपूर्ण कार्य करने की इच्छा, जोखिम उठाने की प्रवृत्ति, समस्याओं से घबराए बिना संसाधन जुटाने की क्षमता और नवाचार के प्रति झुकाव होना आवश्यक है।
इस अवसर पर एमएसएमई वाराणसी से राजेश चौधरी (प्रभारी सहायक निदेशक), वीरेंद्र राणा (सहायक निदेशक), रितेश बरनवाल (सहायक निदेशक), लघु उद्योग भारती वाराणसी के अध्यक्ष ज्योति शंकर मिश्रा, तथा काशी प्रांत अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह सहित कई प्रमुख व्यक्तित्व उपस्थित रहे और सभी ने अपने विचार व्यक्त कर युवाओं को प्रोत्साहित किया।
इस कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि युवाओं को सही मार्गदर्शन, प्रेरणा और अवसर मिले तो वे नौकरी खोजने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बन सकते हैं।

