राजस्थान महिला लघु उद्योग भारती की मासिक बैठक दिनांक 23 मार्च 2025 को आयोजित हुई, जिसमें कुल 12 सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। बैठक का आयोजन मंजू जी सारस्वत द्वारा किया गया तथा अंजू सिंह जी ने समन्वयक की भूमिका निभाई। बैठक की शुरुआत अंजू सिंह जी द्वारा स्वयंसिद्धा मेला से पूर्व तैयार की गई एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) की जानकारी साझा करते हुए हुई। उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे स्वयंसिद्धा हाट का अवलोकन अवश्य करें और एमएसएमई से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या सीधे उन्हीं से साझा करें।
इसके बाद मंजू सारस्वत जी ने बैठक की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि लघु उद्योग भारती महिला इकाई की मासिक बैठक की सूचना प्रत्येक सदस्य को व्यक्तिगत रूप से फोन कॉल या संदेश के माध्यम से दी जानी चाहिए, ताकि सभी की उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने आगामी विश्वकर्मा जयंती धूमधाम से मनाने का सुझाव दिया और कहा कि इसमें सभी सफल महिला उद्यमियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाना चाहिए।
वहीं रीना राठौड़ जी ने हिंदू नववर्ष को हर्षोल्लास से मनाने और 25 अप्रैल को लघु उद्योग भारती स्थापना दिवस को भव्य रूप से आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। बैठक में सभी सदस्यों ने संगठन की गतिविधियों को और अधिक मजबूत बनाने तथा महिला उद्यमियों को सक्रिय रूप से जोड़ने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में प्रमुख रूप से मंजू सारस्वत, अंजू सिंह, रीना राठौड़, संतोष बजाज, पल्लवी लड्डा, कविता गोयल, सारिका पांडे, अंजलि शर्मा, प्रतिमा नैथानी, दिव्या सोमानी, मीनू दुग्गड़ और स्वाति शर्मा उपस्थित रहीं। बैठक सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई और सभी सदस्यों ने आगामी कार्यक्रमों में पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ भागीदारी का संकल्प लिया।

