लघु उद्योग भारती महिला इकाई, अलवर ने अपने प्रथम स्थापना दिवस का आयोजन दिल्ली रोड स्थित चेंबर भवन में धूमधाम से किया। इस विशेष अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दैनिक भास्कर के यूनिट हेड श्री पंकज अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष और चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष श्री राजेश गुप्ता, और लघु उद्योग भारती के प्रांत संयुक्त महासचिव श्री संदीप गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लघु उद्योग भारती मुख्य इकाई के अध्यक्ष श्री देवेंद्र अग्रवाल ने की।
महिला इकाई की अध्यक्ष शिवानी यादव ने लघु उद्योग भारती के उद्देश्यों और संगठन के कार्यों का परिचय दिया। महासचिव अलका सिंह ने इकाई द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि महिला इकाई अलवर जल्द ही चेंबर भवन परिसर में एक स्किल डेवलपमेंट सेंटर शुरू करने की योजना बना रही है, जिससे स्थानीय महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
इस कार्यक्रम में आगामी "स्वयं सिद्धा प्रदर्शनी" के पोस्टर का विमोचन भी किया गया, जो 17 से 19 अक्टूबर तक अलवर के जे.के. बैंक्विट हॉल में आयोजित की जाएगी। इस प्रदर्शनी में दैनिक भास्कर को मीडिया पार्टनर और ATL न्यूज़ चैनल को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पार्टनर के रूप में शामिल किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन रूपाली गुप्ता ने कुशलता से किया, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोनिया गुप्ता ने स्वयं सिद्धा प्रदर्शनी के आयोजन और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। साथ ही, प्रदर्शनी में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए एक लक्की ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। उपाध्यक्ष पारुल अग्रवाल ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं इंडस्ट्रीज के सचिव श्री अमित श्यामसुखा, लघु उद्योग भारती के महासचिव श्री शशांक झालानी, कविता सैनी, विशु महावर, आस्था शर्मा, मनीषा यादव, शिवानी शर्मा, रूबी सुराणा, सूची गुप्ता, वंदना भाटिया, रुचि सोडी और अन्य प्रमुख सदस्य भी उपस्थित रहे।

