लघु उद्योग भारती की आयुर्वेद इकाई के सदस्यों ने आयुर्वेद विभाग, राजस्थान के नव नियुक्त सहायक औषधि नियंत्रक, डॉ. समय सिंह मीना जी से एक स्नेह भेंट एवं संवादात्मक बैठक की। यह भेंटवार्ता सौहार्द और सहयोग की भावना से परिपूर्ण रही, जिसमें आयुर्वेदिक उत्पाद निर्माताओं की वर्तमान समस्याओं, नियामकीय अड़चनों और प्रक्रियात्मक जटिलताओं पर गंभीर चर्चा की गई।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती आयुर्वेद इकाई के संयोजक श्री विकास योगिराज जी द्वारा डॉ. मीना का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। बातचीत के दौरान डॉ. मीना जी ने विनम्रता पूर्वक सभी मुद्दों को सुना और यह आश्वासन दिया कि आयुर्वेद विभाग के अंतर्गत सभी प्रशासनिक व नियामकीय कार्य सुचारू, पारदर्शी और उद्यमी हितैषी तरीके से संपन्न किए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आयुर्वेदिक निर्माताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी, और विभाग सदैव उनके साथ सकारात्मक सहयोग की भावना से कार्य करेगा।
यह मुलाकात न केवल औद्योगिक संवाद और विश्वास निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम रही, बल्कि यह भी दर्शाती है कि लघु उद्योग भारती, अपने विभिन्न क्षेत्रीय और तकनीकी प्रकोष्ठों के माध्यम से नीति-निर्माताओं से संवाद स्थापित कर उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है।

