दिनांक 08 जुलाई 2025 को जयपुर में लघु उद्योग भारती कोटा की सभी इकाइयों और दी एसएसआई एसोसिएशन के एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने माननीय विधायक श्री संदीप शर्मा जी के सान्निध्य में राजस्थान सरकार के उद्योग सचिव श्री आलोक गुप्ता से भेंट की और कोटा के उद्योगों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सलाहकार श्री गोविन्दराम मित्तल जी ने किया, जिसमें कोटा वृहद इकाई अध्यक्ष श्री अंकुर गुप्ता, कोटा उत्तर इकाई अध्यक्ष श्री संजय शर्मा, एसएसआई एसोसिएशन अध्यक्ष श्री मनोज राठी, सचिव श्री आशुतोष जैन एवं वरिष्ठ सदस्य श्री राजेन्द्र जी भी सम्मिलित रहे। ज्ञापन में प्रमुख रूप से रीको से संबंधित समस्याएं, जैसे ट्रांसफर्ड एरिया, पर्यावरण क्षेत्र, और एग्रीकल्चर इंप्लीमेंट एरिया में प्लॉट ट्रांसफर की जटिल प्रक्रिया, पोल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से अनुमतियों की जटिलता, जीएसटी अनुपालन में व्यवहारिक अड़चनें, फायर एनओसी जारी कराने की कठिनाइयाँ, नगरीय विकास कर की अस्पष्टताएं, सोलर प्लांट स्थापना में तकनीकी व प्रशासनिक बाधाएं, औद्योगिक क्षेत्रों में माफिया तत्वों का हस्तक्षेप, तथा इनकम टैक्स में सब्सिडी की टैक्सेबिलिटी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि इन सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, जिससे कोटा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियाँ बाधारहित रूप से संचालित हो सकें और स्थानीय उद्योगों को नई ऊर्जा व दिशा मिल सके। यह प्रयास कोटा में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

