लघु उद्योग भारती का 32वां स्थापना दिवस: रीवा महिला इकाई ने वृद्धाश्रम में सेवा भाव से मनाया
लघु उद्योग भारती के गौरवशाली 32वें स्थापना दिवस के अवसर पर रीवा महिला इकाई द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल की गई। इस अवसर को यादगार बनाने हेतु महिला इकाई ने स्थानीय वृद्धाश्रम पहुंचकर वहाँ रह रहे बुजुर्गों को चादरें वितरित कीं और उनके साथ आत्मीय समय बिताया। बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान और उनके साथ बिताए गए भावनात्मक क्षणों ने महिला सदस्यों को गहरे आत्मिक संतोष का अनुभव कराया।
इस आयोजन में वृद्धाश्रम के वाइस चेयरमैन डॉ. खान, संचालक डॉ. राघवेंद्र सिंह एवं सहयोगी श्रीमती अन्नपूर्णा पांडे ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। महिला इकाई रीवा की संयोजक श्रीमती नम्रता वर्मा के नेतृत्व में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अमृता केसरवानी, रचनालिका सिंह, किरण अग्रवाल, सुप्रिया मिश्रा, श्रुति खरादि, डॉ. आरती वर्मा, स्मिता जैसवाल, अनिता वर्मा एवं आशा मिश्रा की सक्रिय सहभागिता रही।
यह आयोजन न केवल लघु उद्योग भारती के सामाजिक सरोकारों का प्रतीक रहा, बल्कि संगठन की मानवीय संवेदनाओं एवं समाज के प्रति सेवा भाव को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित करता है। महिला इकाई रीवा की यह पहल अन्य इकाइयों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।

