लघु उद्योग भारती बालोतरा के नवनिर्मित 'भारती भवन' का हुआ भव्य उद्घाटन
लघु उद्योग भारती बालोतरा द्वारा अम्बे वैली पार्क में 'भारती भवन' का निर्माण किया गया, जिसका उद्घाटन समारोह शनिवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। यह भवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी के करकमलों से उद्घाटित हुआ। लघु उद्योग भारती, जो देशभर में हजारों इकाइयों के माध्यम से संचालित है, का यह प्रथम भवन बालोतरा में स्थापित हुआ है।
कार्यक्रम से पूर्व हवन का आयोजन किया गया, जिसमें वरिष्ठ उद्यमियों जैसे भंवरलाल टावरी, रूपचंद बाघमार, मूलचंद महाजन, प्रभा सिंघवी आदि ने आहुतियाँ दीं। बालोतरा इकाई के अध्यक्ष प्रवीण महाजन ने बताया कि उद्घाटन समारोह में प्रमुख अतिथियों में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, पचपदरा विधायक अरुण चौधरी, जिला कलेक्टर सुशील कुमार यादव, प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड, जोधपुर आंचल अध्यक्ष महावीर चोपड़ा, भवन निर्माण समिति संयोजक नरेश पाटोदी, CETP अध्यक्ष रूपचंद सालेचा सहित कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। अतिथियों ने भवन का अवलोकन किया और मुख्य पट्ट का अनावरण किया।
डॉ. कृष्ण गोपाल जी ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि यहां स्किल सेंटर का विकास किया जाना चाहिए, जिससे हर साल 1000 महिलाओं और 5000 पुरुषों को स्वरोजगार और उद्योग संबंधी प्रशिक्षण देकर स्थानीय क्षेत्र में ही रोजगार के अवसर प्रदान किए जा सकें। उन्होंने गारमेंट उत्पादन और निर्यात पर जोर देते हुए कहा कि इससे युवाओं को दूर के क्षेत्रों में काम के लिए जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। उन्होंने भारत के पुरातन व्यापारिक गौरव का भी उल्लेख किया और कहा कि लघु और मध्यम उद्योग इसे पुनः स्थापित कर सकते हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने भी उद्यमियों को रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल से जुड़े उद्योगों की स्थापना का आह्वान किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने लघु उद्योग भारती की कार्यप्रणाली और संगठन के प्रयासों के बारे में जानकारी दी, जो उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कार्यरत है। प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड ने बताया कि लघु उद्योग भारती सरकार और उद्यमियों के बीच सेतु का कार्य कर रही है और MSME श्रेणी में यह देश की सबसे बड़ी संस्था बन चुकी है।
जोधपुर आंचल अध्यक्ष महावीर चोपड़ा ने बालोतरा महिला इकाई की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें बबली पाटोदी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रांत महामंत्री मंजू सारस्वत ने बबली पाटोदी, उषा भंसाली और अर्पणा जिंदल को नवीन दायित्व की शुभकामनाएँ दीं।
भवन निर्माण समिति संयोजक नरेश पाटोदी ने भवन निर्माण में सहयोग करने वाले उद्यमियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और अतिथियों द्वारा भामाशाहों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में जसोल, बिठुजा, और बालोतरा महिला इकाइयों के सभी सदस्य उपस्थित रहे। मंच संचालन महेंद्र श्रीश्रीमाल और कमलेश ढेलडिया ने किया।

