आज लघु उद्योग भारती हरियाणा का एक प्रतिनिधिमंडल माननीय मुख्यमंत्री हरियाणा श्री नायब सिंह सैनी जी से चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर (मुख्यमंत्री निवास) में मिला। इस भेंट का उद्देश्य हरियाणा राज्य के लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों से संबंधित विभिन्न मांगों और समस्याओं को मुख्यमंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत करना था।
मुख्यमंत्री जी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी बातों को गंभीरता से सुना और विशेष रूप से नॉन कन्फर्मिंग एरियाज से जुड़े विषय पर ध्यान केंद्रित किया, जिसकी घोषणा उन्होंने हाल ही में अपने बजट भाषण में भी की थी। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस विषय पर शीघ्र ही एक पोर्टल लॉन्च किया जाएगा, जिससे उद्यमियों को राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी उन्होंने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र समाधान हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए।
प्रतिनिधिमंडल में लघु उद्योग भारती हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष श्री शुभ आदेश मित्तल, श्री रमन सलूजा, श्री सुधीर चंद्रा, श्री संजय डाटा (रेवाड़ी), श्री विनोद बंसल एवं श्री सुभाष चंद सम्मिलित थे। मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों के साथ बैठकर गहराई से चर्चा की और सभी विषयों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश भी दिए। बैठक के उपरांत सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित भोज में सहभागिता की।

