लघु उद्योग भारती, फरीदाबाद द्वारा आज एक प्रेरणादायी पहल के तहत साइकिलोथोन 2.0 (नशा मुक्त हरियाणा) कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन बी.के. चौक, फरीदाबाद पर अध्यक्ष श्री राकेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जो हरियाणा सरकार द्वारा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान का हिस्सा था। कार्यक्रम में भाग लेने आए सभी साइकिल सवारों का जोरदार स्वागत किया गया एवं उन्हें जलपान भी उपलब्ध कराया गया।
जहां आयोजकों ने 1400–1500 प्रतिभागियों की व्यवस्था की थी, वहीं वास्तविकता में यह संख्या जन सैलाब के रूप में उमड़ पड़ी, जो अभियान की सफलता और जन जागरूकता का जीवंत प्रमाण बन गया। अध्यक्ष श्री राकेश कुमार गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि “यह सरकार की एक अत्यंत सराहनीय पहल है, जो हमारी युवा पीढ़ी को एक सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है।”
पूरे आयोजन का संचालन महासचिव श्री अमृतपाल कोचर ने बेहतरीन ढंग से किया। कार्यक्रम की गरिमा में चार चाँद लगाते हुए ज़िला फरीदाबाद एवं पलवल के प्रभारी रवि भूषण खत्री, कोषाध्यक्ष राजकुमार भगत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.के. चावला, श्री एन.के. गुप्ता, श्री पी.सी. वेश, डॉ. पुनिता हसीजा, श्री योगेश पाहवा, श्री आर.के. बंसल, श्री राम कुमार, एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का प्रयास था, बल्कि यह स्वस्थ समाज निर्माण एवं युवाओं को प्रेरित करने की दिशा में लघु उद्योग भारती का एक मजबूत कदम भी सिद्ध हुआ।

