बालोतरा में लघु उद्योग भारती की बैठक में संगठन विस्तार और उद्योग हितों पर हुआ व्यापक विमर्श
बालोतरा स्थित लघु उद्योग भारती भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रांत प्रभारी श्री महावीर जी चोपड़ा ने अपने प्रेरणादायक मार्गदर्शन से सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल – पौधारोपण – के साथ हुई, जिसमें श्री चोपड़ा सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संरक्षक श्री रूपचंद जी सालेचा एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शांतिलाल जी बालर ने नवपदस्थ सदस्यों का माल्यार्पण कर सम्मान किया और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका के लिए शुभकामनाएँ दीं।
मुख्य सत्र में श्री महावीर जी चोपड़ा ने हाल ही में सम्पन्न प्रदेश स्तरीय बैठक की प्रमुख बातों को साझा किया और संगठन के आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सदस्यता विस्तार अभियान को गति देने, स्थानीय स्तर पर कौशल विकास केंद्र स्थापित करने, उद्योगपतियों के लिए समर्पित कॉल सेंटर प्रारंभ करने तथा विषय-आधारित सेमिनारों के आयोजन पर बल दिया।
बैठक में अध्यक्ष श्री महेन्द्र जी श्रीश्रीमाल, सचिव श्री अविनाश गोलेचा, उपाध्यक्ष श्री सिद्धार्थ महेश्वरी व श्री नरेंद्र जी छाजेड़, पूर्व अध्यक्ष श्री प्रवीण महाजन सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक का समापन आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।

