नवगठित कार्यकारिणी के साथ लघु उद्योग भारती ब्यावर की साधारण सभा सम्पन्न
लघु उद्योग भारती ब्यावर की मुख्य इकाई एवं महिला इकाई की नवगठित कार्यकारिणी के साथ पहली संयुक्त साधारण सभा का आयोजन रीको द्वितीय में स्थित लघु उद्योग भारती वाटिका के समीप शाखा पालक श्री प्रकाश जी अम्बुरे के फैक्ट्री परिसर में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और संगठन मंत्र वाचन के साथ हुई।
अध्यक्ष श्री सचिन नाहर ने सभा को संबोधित करते हुए बताया कि इस वर्ष लघु उद्योग भारती ब्यावर इकाई की स्थापना को 10 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक वर्ष को विशेष बनाने हेतु आगामी एक वर्ष में कम से कम 10 नवाचारी कार्यक्रमों का आयोजन करने का संकल्प लिया गया, जिससे न केवल उद्योगों का सशक्तिकरण हो बल्कि समाज के प्रति संस्था की भूमिका भी सुदृढ़ हो।
उन्होंने आगे बताया कि वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) और लघु उद्योग भारती के बीच हुए समझौता ज्ञापन (MoU) के अंतर्गत तकनीकी स्थानांतरण को लेकर ब्यावर इकाई के प्रतिनिधिमंडल द्वारा विस्तृत चर्चा की गई है। इसका उद्देश्य ब्यावर में नई तकनीकों पर आधारित उद्योगों की स्थापना कर क्षेत्र के आर्थिक विकास में योगदान देना है।
सभा में जयपुर से पधारे रतन ग्रीन सोलर के प्रतिनिधि ने सौर ऊर्जा को निवेश के एक मजबूत विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनकी इकाई ने अपनी फैक्ट्री को सोलर पार्क में बदलते हुए स्वच्छ ऊर्जा के प्रति एक प्रेरणास्पद कदम उठाया है, जो अन्य उद्यमियों के लिए भी अनुकरणीय है।
स्वयंसिद्धा प्रदर्शनी 2026 को लेकर भी बैठक में जानकारी साझा की गई। आगामी वर्ष में यह तीन दिवसीय भव्य प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिसके लिए संयोजक के रूप में मुख्य इकाई एवं महिला इकाई के सदस्यों की घोषणा की गई।
जिला प्रभारी श्री दीपक जी झंवर ने बैठक में इकाई द्वारा पर्यावरण संरक्षण हेतु किए गए प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रीको द्वारा आवंटित भूखंडों पर अब तक 6 वाटिकाओं का निर्माण हो चुका है, जिनमें से 2 का लोकार्पण संपन्न हुआ है तथा शेष 4 का भव्य लोकार्पण 15 अगस्त 2025 को, इकाई के 10वें स्थापना दिवस पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश जी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री घनश्याम जी के करकमलों द्वारा प्रस्तावित है।
बैठक के अंत में नवीन सदस्यों की सक्रिय भर्ती हेतु सभी सदस्यों से अपील की गई। कार्यक्रम का संचालन इकाई सचिव श्री गगन भारद्वाज ने किया और अंत में राष्ट्रगान के साथ सभा का समापन हुआ।
गगन भारद्वाज
सचिव, लघु उद्योग भारती, ब्यावर इकाई

