लघु उद्योग भारती महिला इकाई, अलवर द्वारा आयोजित फागोत्सव प्रदर्शनी का भव्य आयोजन
अलवर के जिला उद्योग केंद्र और लघु उद्योग भारती महिला इकाई के संयुक्त तत्वावधान में 8, 9 एवं 10 मार्च को फागोत्सव प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आज एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें प्रदर्शनी के पोस्टर का विमोचन किया गया।
महिला इकाई अध्यक्ष शिवानी यादव ने बताया कि इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों एवं महिला उद्यमियों को वित्तीय स्वतंत्रता के लिए मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचा सकें। महासचिव अलका सिंह और कोषाध्यक्ष रूपाली गुप्ता ने प्रदर्शनी के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि मनविंदर जादौन ने कारीगरों के सशक्तिकरण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय हस्तशिल्प और छोटे उद्यमों को नई पहचान और व्यावसायिक संभावनाओं का विस्तार मिलता है।
गौरतलब है कि लघु उद्योग भारती महिला इकाई निरंतर महिला उद्यमिता और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत है। इसी कड़ी में, इस वर्ष का फागोत्सव प्रदर्शनी कार्यक्रम अपना घर शालीमार एक्सटेंशन के सामुदायिक भवन में आयोजित किया जा रहा है।
इस आयोजन में इकाई की कार्यकारिणी सदस्य रुचि सोडी, आस्था शर्मा, सूची गुप्ता, रूबी सुराणा, वंदना भाटिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पारुल अग्रवाल और सह सचिव कविता सैनी भी उपस्थित रहीं। फागोत्सव प्रदर्शनी स्थानीय उद्यमियों, कारीगरों और महिलाओं के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगी, जहां वे अपने उत्पादों को प्रदर्शित कर नए व्यापारिक अवसरों को साकार कर सकेंगी।

