आज माननीय मुख्यमंत्री हरियाणा श्री नायब सिंह सैनी जी से लघु उद्योग भारती हरियाणा का एक शिष्टमंडल संत कबीर कुटीर (मुख्यमंत्री निवास), चंडीगढ़ में सौजन्य भेंट हेतु मिला। यह मुलाकात हरियाणा के लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों एवं चुनौतियों पर चर्चा के उद्देश्य से हुई।
मुख्यमंत्री जी ने शिष्टमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गहनता एवं सूक्ष्मता से सुना और समाधान के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया। विशेष रूप से नॉन कन्फर्मिंग एरियाज के विषय पर, जिसकी घोषणा उन्होंने बजट में भी की थी, माननीय मुख्यमंत्री जी ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में आवश्यक पोर्टल शीघ्र ही लॉन्च किया जाएगा।
अन्य विषयों पर भी उन्होंने अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर तत्काल संज्ञान लिया और जल्द ही ठोस निर्णय लिए जाने का भरोसा दिलाया।
शिष्टमंडल में प्रदेश अध्यक्ष श्री शुभ आदेश मित्तल, श्री रमन सलूजा, श्री सुधीर चंद्रा, श्री संजय डाटा (रेवाड़ी), श्री विनोद बंसल एवं श्री सुभाष चंद सम्मिलित थे।
बैठक के उपरांत मुख्यमंत्री निवास पर स्नेह भोज का आयोजन हुआ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बैठक संपन्न हुई।

