जयपुर, 05 जून 2025: विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर लघु उद्योग भारती, जयपुर प्रांत द्वारा सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र, जगतपुरा में गायत्री परिवार के सहयोग से एक सामूहिक हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर केंद्र में 1 जून से शुरू हुए विभिन्न कोर्सेज के प्रशिक्षणार्थियों के लिए एक इंडक्शन प्रोग्राम भी आयोजित किया गया। इस माह केंद्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आर्टिफिशियल ज्वेलरी के दो नए कोर्स शुरू किए गए हैं, जबकि अकाउंट एवं फाइनेंस, फैशन टेक्नोलॉजी और डिजिटल मार्केटिंग के तीन कोर्स भी चल रहे हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष महेन्द्र खुराना ने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए कौशल के महत्व को समझाने पर जोर दिया और कहा कि यह ट्रेनिंग केवल कोर्स नहीं बल्कि भविष्य का अवसर है। जयपुर अंचल की महासचिव सुनीता शर्मा ने केंद्र में चल रहे पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। सीए रोहित प्रधान मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी जानकारी सरल भाषा में साझा की। एपरैल एवं फैशन आयाम की प्रमुख रीमा बजाज ने पारंपरिक सिलाई-कढ़ाई और हैंडीक्राफ्ट से ब्रांडिंग तक के सफर और लोकल से ग्लोबल मार्केट में उत्पाद को ढालने के तरीकों पर मार्गदर्शन दिया। हैंडीक्राफ्ट आयाम प्रमुख एवं जगतपुरा महिला इकाई की अध्यक्ष वैशाली वशिष्ठ ने कृत्रिम आभूषणों में फैब्रिक, पटवा और टेराकोटा आभूषणों के महत्व और इनके माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। सांगानेर महिला इकाई की अध्यक्ष पिंकी माहेश्वरी ने मंच का संचालन करते हुए छात्रों के साथ उपयोगी बातें साझा कीं। जयपुर की महिला इकाइयों के संयुक्त प्रयास से पर्यावरण संरक्षण के लिए पक्षियों के लिए परिण्डे वितरित कर जगतपुरा क्षेत्र में लगाए गए। समारोह में लघु उद्योग भारती राजस्थान के उपाध्यक्ष नटवरलाल अजमेरा, श्रीमती अंजू सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण जाजोदिया, जगतपुरा इकाई के पदाधिकारी और जयपुर केंद्रीय इकाई के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

