विद्यार्थियों का औद्योगिक अध्ययन दौरा: सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केन्द्र के फैशन एवं एपरैल विभाग द्वारा मंगलम एक्सपोर्ट, सीतापुरा का भ्रमण
आज दिनांक 23 मार्च 2025 को सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केन्द्र के फैशन एवं एपरैल विभाग में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित मंगलम एक्सपोर्ट में औद्योगिक अध्ययन हेतु ले जाया गया। इस शैक्षिक दौरे का उद्देश्य विद्यार्थियों को वस्त्र निर्माण उद्योग की वास्तविक कार्य प्रणाली और उत्पादन प्रक्रियाओं की प्रत्यक्ष जानकारी प्रदान करना था।
विद्यार्थियों ने लगभग तीन घंटे तक फैक्ट्री के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया और वस्त्र निर्माण की बारीकियों को देखा, समझा तथा विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विद्यार्थियों ने डिजाइनिंग, कटिंग, सिलाई, फिनिशिंग और पैकिंग जैसे हर चरण को करीब से देखा और आधुनिक मशीनों व तकनीक का प्रयोग समझा।
यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी और ज्ञानवर्धक अनुभव रहा, जिससे उन्हें अपने कौशल को और अधिक मजबूत करने का अवसर मिला।
लघु उद्योग भारती परिवार की ओर से मंगलम एक्सपोर्ट के श्री सीताराम जी एवं श्री भरत जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने इस शैक्षिक भ्रमण में पूरा सहयोग प्रदान किया और विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान से लाभान्वित किया।

