स्टोन इंडस्ट्री के भविष्य को सुदृढ़ बनाने और इसे नई तकनीकों व प्रक्रियाओं के माध्यम से उन्नत स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से आगामी 9-10 जनवरी 2025 को किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन, किशनगढ़ में जी.एस.टी.एफ. सेमिनार आयोजित किया जाएगा। इस सेमिनार की पूर्व तैयारियों के लिए लघु उद्योग भारती राजस्थान प्रदेश और सीड़ोस के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 29 दिसंबर 2024 को किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन कार्यालय में सम्पन्न हुई। सेमिनार के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ होंगे, जबकि जल संसाधन मंत्री श्री सुरेश सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। समापन सत्र में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री श्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि और उद्योग राज्यमंत्री श्री के.के. विश्नोई विशिष्ट अतिथि होंगे।
इस सेमिनार में स्टोन इंडस्ट्री से जुड़े तकनीकी उन्नयन, खनन, उत्सर्जित अपशिष्ट का पुनः उपयोग और निर्यात संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। देश-विदेश से आए विशेषज्ञ विभिन्न सत्रों में अपने विचार और समाधान प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही हेण्डीक्राफ्ट्स, स्टोन प्रोसेसिंग टूल्स और मशीनरी की प्रदर्शनी, ECGC द्वारा निर्यात में आने वाली बाधाओं के समाधान, और रीप्स-2024 व MSME योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। तकनीकी उन्नयन के क्षेत्र में भगवती मशीन प्राइवेट लिमिटेड (भारत) और पेड्रीनी (इटली) जैसी प्रमुख कंपनियों के विशेषज्ञ नई तकनीकों की जानकारी साझा करेंगे। एनएसडीसी कौशल विकास पर प्रस्तुति देगा, जबकि पर्यावरण समाधान प्राधिकरण राजस्थान और भारतीय अनुसंधान विज्ञान केंद्र स्टोन अपशिष्ट प्रबंधन व पर्यावरणीय समस्याओं पर समाधान प्रस्तुत करेंगे।
इस सेमिनार में राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहेंगे और 500 से अधिक स्टोन उद्यमी भाग लेंगे। बैठक में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव श्री नरेश पारीक, जी.एस.टी.एफ. संयोजक श्री नटवर अजमेरा, और अन्य प्रमुख प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन से स्टोन इंडस्ट्री में नवाचार, तकनीकी समृद्धि और निर्यात के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खुलेगा।

