जोधपुर में 7 अप्रैल को लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा के सान्निध्य में नव नियुक्त जिला कलेक्टर आलोक रंजन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जोधपुर के औद्योगिक परिदृश्य, उद्यमियों की विभिन्न समस्याओं तथा विशेष रूप से टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने उद्योगों के समक्ष आ रही चुनौतियों को प्रशासन के समक्ष रखा, जिस पर कलेक्टर ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि प्रशासन और उद्यमियों के संयुक्त प्रयासों से समस्याओं का समाधान किया जाएगा। बैठक के दौरान लघु उद्योग भारती द्वारा संगठन की कार्यप्रणाली, देशभर में इसकी सक्रिय इकाइयों तथा MSME क्षेत्र में निभाई जा रही भूमिका की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर कलेक्टर का पारंपरिक रूप से स्वागत करते हुए उन्हें साफा, माला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही टेक्सटाइल उद्योग की समस्याओं के समाधान हेतु भविष्य में एक विस्तृत बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिससे उद्योगों के सुचारु संचालन में और अधिक सहयोग मिल सके।


