भिवाड़ी (भिवाड़ी टाइम्स)।
आयकर विभाग, भिवाड़ी द्वारा ‘नवीन आयकर अधिनियम, 2025’ के संबंध में उद्योग जगत, कर सलाहकारों तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को नए प्रावधानों एवं परिवर्तनों से अवगत कराने हेतु एक विशेष जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन बीआईआईए के सम्मेलन कक्ष, काहरानी में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डी.एस. मीणा, भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस), संयुक्त आयुक्त आयकर, रेंज-1, अलवर द्वारा की गई। इस अवसर पर आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अशोक गुप्ता, आयकर अधिकारी, भिवाड़ी, रामकुमार गुप्ता, आयकर अधिकारी, अलवर, महावीर यादव, आयकर अधिकारी, अलवर तथा अनिल शर्मा,
आयकर अधिकारी, अलवर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ बीआईआईए के अध्यक्ष प्रवीण लाम्बा
द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के पाथ किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने कहा कि बदलते कर कानूनों और नई कर व्यवस्था की जानकारी उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा करदाताओं के ब्लए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आयकर विभाग द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम उद्योग जगत एवं प्रशासन के मध्य बेहतर संवाद एवं समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अपने मुख्य संबोधन में डी.एस. मीणा ने नवीन आयकर अधिनियम, 2025 के प्रमुख
प्रावधानों, इसकी नई संरचना, अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं तथा करदाताओं पर पड़ने वाले प्रभावों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नए अधिनियम का उद्देश्य आयकर कानूनों को अधिक सरल, स्पष्ट, पारदर्शी एवं सुगम बनाना है, जिससे करदाता अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक सहजता से कर सकें। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से नए अधिनियम की विशेषताओं को समझाया तथा उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं शंकाओं
का विस्तारपूर्वक समाधान किया। कार्यक्रम में उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों एवं कर क्षेत्र के अनेक प्रमुख प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें आर. प्रकाश, मानद संरक्षक, बीआईआईए, सतिंदर सिंह चौहान, मानद
संरक्षक, बीआईआईए, हरीश गौर, मानद सचिव, बीआईआईए; बृजमोहन अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बीआईआईएः गुलाब अग्रवाल, अध्यक्ष, भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) की स्थानीय इकाई, डी. के. गोयल, अध्यक्ष, टैक्स बार एसोसिएशन; सरजीत यादव, अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती; तथा राजू गोयल, के प्रतिनिधि विशेष इलेक्ट्रिकल एसोसिएशन के रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भिवाड़ी एवं आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से लगभग 80 उद्योगपति, वित्त एवं लेखा प्रमुख, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कर सलाहकार तथा अन्य पेशेवर प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने नवीन आयकर अधिनियम से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न एवं सुझाव प्रस्तुत किए, जिनका
आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा विस्तृत एवं व्यावहारिक उत्तर दिया गया ।
उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों एवं कर विशेषज्ञों ने आयकर विभाग द्वारा आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम करदाताओं को नवीन प्रावधानों को समझने तथा उनके प्रभावी अनुपालन में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में बीआईआईए की ओर से आयकर विभाग के सभी अधिकारियों, अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।


