लघु उद्योग भारती उत्तर बंगाल के अध्यक्ष सीए आदित्य मित्रुका ने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से महत्वपूर्ण मुलाकात कर उत्तर बंगाल के औद्योगिक, व्यापारिक एवं आर्थिक विकास की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान क्षेत्र के समग्र विकास के लिए भविष्य के रोडमैप पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उत्तर बंगाल में औद्योगिक अवसंरचना को सशक्त बनाने, सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी में सुधार, एमएसएमई उद्योगों को प्रोत्साहन, तथा चाय, पर्यटन, निर्यात और निवेश के नए अवसरों को विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही पश्चिम बंगाल को पूर्वी भारत के प्रमुख आर्थिक एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने हेतु आवश्यक नीतिगत सहयोग पर भी विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर सीए आदित्य मित्रुका ने कहा कि उत्तर बंगाल भौगोलिक, सामरिक एवं आर्थिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। पूर्वोत्तर भारत, नेपाल, भूटान एवं बांग्लादेश से व्यापारिक संपर्क का प्रमुख द्वार होने के कारण यह क्षेत्र उद्योग, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और निर्यात के क्षेत्र में अपार संभावनाएं रखता है। उन्होंने केंद्र सरकार से उत्तर बंगाल के लिए विशेष औद्योगिक पैकेज, निवेश प्रोत्साहन योजनाएं एवं बेहतर कनेक्टिविटी परियोजनाओं को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान पीयूष गोयल ने उत्तर बंगाल की संभावनाओं को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने लंबे समय से लंबित अपनी दार्जिलिंग यात्रा को भी जल्द साकार करने की बात कही, जिससे उत्तर बंगाल के उद्योग एवं व्यापार जगत में उत्साह का माहौल है।


