इंडिया स्टोनमार्ट 2026 के 13 वें संस्करण के आयोजन के लिए शुक्रवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने की। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई, अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रमुख सचिव एवं रीको और सीडॉस के अध्यक्ष अजिताभ शर्मा, प्रबंध निदेशक रीको, शिव प्रसाद नकाते, सीडॉस के उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता व गवर्निंग बोर्ड के पदाधिकारी व राज्य के उद्यमी उपस्थित थे। एमओयू पर रीको के प्रबंध निदेशक शिव प्रसाद नकाते, लघु उद्योग भारती राजस्थान के उपाध्यक्ष नटवरलाल अजमेरा एवं सीडॉस के चीफ एक्जिक्यूटिव ऑफिसर मुकुल रस्तोगी ने हस्ताक्षर किए। राठौड ने बताया कि इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का आयोजन 5 से 8 फरवरी 2026 को जेईसीसी, सीतापुरा जयपुर में किया जाएगा। इसका उद्देश्य भारतीय पत्थर उद्योग के लिए घरेलू और विदेशी बाजारों का विकास करना अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारतीय पत्थरों का ब्रांड निर्माण और उद्योग के सभी हितकारकों को बातचीत का एक साझा मंच प्रदान करना है। राठौड़ ने बताया कि शिल्पकारों को बढ़ावा देने के लिए हम सबको साथ में काम करना है ताकि उनका जीवन निर्वहन सरल रहे।
राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार उद्योगों के विकास और निवेश आकर्षित करने के लिए बेहतरीन आधारभूत ढांचा और माहौल प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्यमियों से राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश के लिए आगे आने का अनुरोधकिया। उद्योगपतियों के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों का उल्लेख करते हुए उद्योग मंत्री ने बताया कि एकल खिड़की स्वीकृतियों, वन स्टॉप शॉप, राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, व्यापार में सुगमता, ऑनलाइन स्वीकृतियों और अनुमोदनों के माध्यम से राज्य में उद्योग स्थापित करना पहले से कहीं अधिक सरल हो गया है।
उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई ने बताया कि रीको, सीडॉस और लघु उद्योग भारतीय के संयुक्त प्रयास से इंडिया स्टोन मार्ट- 2026 का आयोजन पत्थर उद्योग के तकनीक और व्यावसायिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और व्यावसायिक संबंधों और नेटवर्किंग के अवसर प्रदान करेगा। भारत का पत्थर उद्योग विश्व पटल पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाने के लिए अग्रसर होगा। विश्नोई ने रीको, लघु उद्योग भारती और सीडॉस के संयुक्त प्रयासों से इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का आयोजन भव्य और विशाल होने की आशा व्यक्त की।