लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रान्त के शिष्टमण्डल ने सोमवार को ऊर्जा राज्यमंत्री हीरालाल नागर से मिला। अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, जोधपुर प्रान्त अध्यक्ष महावीर चौपडा एवं जोधपुर प्रान्त उपाध्यक्ष दीपक माथुर के नेतृत्व मे शिष्टमण्डल ने उद्योगों की विद्युत से संबंधित विभिन्न समस्याओं व सुझावों पर चर्चा की।
चौपडा ने बताया कि शिष्टमण्डल ने अडाणी समूह को किये गये 4647 करोड़ रूपये के अतिरिक्त भुगतान को उद्योगो से फ्यूल सरचार्ज के रूप में वसूलने पर रोक लगाने, औद्योगिक सामान्य उपभोक्ता के लिये केबल का सीटीएल टेस्टिंग की छूट प्रदान करने, उद्योगो को स्वीकृत विद्युत लोड के बराबर सोलर प्लांट लगाने की सीमा को हटाने, उद्योगों के लिये विद्युत संबंध की श्रेणियों में बदलाव करने, प्रदेश में महंगी बिजली दरो मे राहत देने, फ्यूल सरचार्ज इत्यादि अन्य अधिभार हटाने, सोलर सिस्टम पर सब्सिडी देने, सोलर नीति मे सरलीकरण करने, सोलर पर इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी हटाने, उद्योगो को बढ़ावा देने के लिये बिजली में विशेष छूट देने सहित अनेक विषयों पर चर्चा की। साथ ही शिष्टमण्डल ने विद्युत से संबंधित उद्योगों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं व सुझावों का प्रतिवेदन सौपा। जिस पर नागर ने सभी समस्याओं को प्राथमिकता से निराकरण का प्रयास करने का आश्वासन दिया।