नगर निगम ग्रेटर महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने गुरुवार को लघु उद्योग भारती सांगानेर महिला इकाई की ओर से आयोजित स्वयं सिद्धा हस्तशिल्प प्रदर्शनी 2024 का उद्घाटन किया। नगर निगम ग्रेटर ने भी इस प्रदर्शनी में स्टॉल लगाई है, जिसमें महापौर ने पुराने कपड़े, पुराने जूते आर.आर.आर. सेंटर पर जमा करवाए। तीन दिवसीय प्रदर्शनी के माध्यम से जयपुर में पहली बार इको फ्रेंडली स्वयं सिद्धा प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। यह 12 अक्टूबर तक मानसरोवर सामुदायिक केन्द्र, सिटी पार्क के सामने मुख्य सड़क पर आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में मंच पर सजा बैकड्रॉप भी बम्बू से बना हुआ था और चारों तरफ की सजावट आर.आर.आर., रिड्यूस, रीसाइकिल और रिक्रिएट पर आधारित थी। पुराने ट्रक, कार, साइकिल, आदि को सोफे मेज के रूप और टायर को फ्लावर पॉट के रूप में प्रदर्शित करना मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहे। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से आर. आर. आर., रिड्यूस, रीसाइकिल और रिक्रिएट की थीम पर पूरे आयोजन स्थल को सजाया गया है।