अलवर, अब समय तेजी से बदल रहा है। महिलाएं हर क्षेत्र में सक्षम हैं। पुरुषों की तरह वे भी सफल उद्यमी बन सकती हैं। बस उन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत है। यह कहना है लघु उद्योग भारती की अध्यक्ष शिवानी राव का, का, जो कि जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए प्रेरित करती हैं। तैयार सामान के लिए बाजार उपलब्ध कराती हैं। साथ ही महिलाओं को उद्योग की सटीक जानकारी मिले इसके लिए सेमिनार करवाती हैं। उद्योग लगाने के लिए महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी और महिलाओं को बैंक से ऋण लेने की सुविधा भी उपलब्ध कराती हैं। जिले में अब लघु व मध्यम उद्योगों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है।
…जब मेरी सास ने की पहल
शिवानी बताती हैं कि मेरी सास बीस वर्ष पहले से ससुर के साथ एमआइए में बिजनेस संभाल रही हैं। हमारी ऑटोपार्ट्स बनाने की फैक्ट्री है, जो कि शहर से दूर है इसलिए महिलाएं यहां नहीं आती थीं। मेरी सास ने पहल की। मैं जब फैक्ट्री एरिया में गई तो पता चला कि महिलाएं महानगरों में भले ही उद्योग में आगे हों लेकिन अलवर में आज भी पुरुषों का ही वर्चस्व है। तभी से मेरे मन में महिलाओं को उद्योगों से जोड़ने का विचार आया। इसके बाद एमबीए या बिजनेस से जुड़ी पढ़ाई कर रहीं बेटियों को भी जोड़ा। उनके लिए बैंकों के साथ मिलकर सेमिनार का आयोजन किया गया।
महिलाओं के लिए बनी अलग शाखा
शिवानी का कहना है कि जिले के लघु उद्योग भारती संगठन में पहले महिलाएं शामिल नहीं थी। पिछले साल ही महिला शाखा बनाई गई। पहली बार महिला शाखा से जुड़ी महिलाओं की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें रजिस्ट्रेशन के लिए महिलाओं को छूट दी गई। इसमें महिलाओं के तैयार सामान की अच्छी बिक्री हुई।