सिटी रिपोर्टर अजमेर

महिलाओं की 3 ग्रुप में भागीदारी : प्रोफेशनल, समाजसेवी और घरेलू

महिला समन्वय अजयमेरु की ओर से 17 दिसंबर को विजय लक्ष्मी पार्क में 18 से 75 साल आयु वर्ग की महिलाओं के लिए समर्था सम्मेलन आयोजित होगा। करीब छह घंटे चलने वाले इस सम्मेलन में अजमेर, ब्यावर, किशनगढ़, केकड़ी, पुष्कर सहित गांवों से 2200 महिलाओं के आने की संभावना है।

सम्मेलन संयोजक डॉ. दीपिका शर्मा एवं मनीषी इंदौरिया ने बताया कि सुबह 11 बजे होने वाले उद्घाटन सत्र में राष्ट्र सेविका समिति की क्षेत्र कार्यवाहिका प्रमिला एवं प्रांत कार्यवाहिका वंदना वजीरानी शामिल होगी। मुख्य वक्ता जोधपुर की प्रीति गोयल 'भारत का महिला विषयक चिंतन' विषय पर संबोधित करेंगी। इसके बाद होने वाले चर्चा सत्र में 'स्थानीय महिलाओं की स्थिति, समस्या और समाधान' विषय पर उद्बोधन होगा। सम्मेलन में शामिल होने वाली महिलाओं की ओर से गूगल फॉर्म के द्वारा अपनी प्रविष्टि कराई जा रही है। कार्यक्रम में आमंत्रण पत्रिका को लाना अनिवार्य किया गया है।

हस्तकला उत्पाद, सेल्फी प्वाइंट भी होंगेः समर्था महिला सम्मेलन में आने वाली महिलाएं हस्त कला उत्पाद की खरीदारी एवं उनकी जानकारी भी ले सकेंगी। साथ ही महिलाओं के समर्थ होने का संदेश देने वाला एक सेल्फी प्वाइंट भी होगा, जहां महिलाएं फोटो क्लिक कर सकेंगी। महिलाओं से मात्र टोकन मनी 50 रुपए ही ली जा रही है, जिसमें नाश्ता एवं भोजन भी दिया जाएगा।

18 से 75 आयुवर्ग की महिलाएं शामिलः समर्था महिला सम्मेलन में महिलाओं के पहले ग्रुप में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील तथा अन्य प्रोफेशन से जुड़ी महिलाएं, दूसरे ग्रुप में समाज, संस्था या एनजीओ से जुड़कर समाजसेवी तथा तीसरे ग्रुप में उन महिलाओं को जोड़ा जाएगा जो कि घरेलू हैं।

उदयपुर, भीलवाड़ा और चितौड़ में हो चुका सम्मेलन, कोटा में कल होगाः ये शिविर प्रदेशभर में जिला स्तर पर हो रहे है। भीलवाड़ा, उदयपुर और चित्तौड़ में ये शिविर लग चुके हैं, जबकि कोटा व अजमेर में एकसाथ ये शिविर 17 दिसंबर को आयोजित होंगे।