“मार्बल कारोबारियों को बड़ी सौगात, अब आधी होगी रॉयल्टी – मुख्यमंत्री ने दिया 45 दिन में समाधान का भरोसा”
राजस्थान के मार्बल उद्योग से जुड़े उद्यमियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने जा रही है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से लघु उद्योग भारती एवं प्रदेश के मार्बल प्रतिनिधि मंडल की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री ने मार्बल रॉयल्टी की 80 रुपये से घटाकर 40 रुपये करने का आश्वासन दिया। साथ ही, मार्बल पड़ों की रॉयल्टी संबंधी विषय पर 45 दिन में समाधान निकालने हेतु एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने की घोषणा भी की गई। इस बैठक में राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक, प्रदेश उपाध्यक्ष नटवर अजमेरा, तेजसिंह राठौड़, सत्यं प्रकास काबरा, बीरन देव सिंह कृष्णावत मधुसूदन व्यास, महेंद्र सिंह सिसोदिया, मदन चौधरी, गौरव सिंह, अभिषेक, पंकज गंगावत सहित बड़ी संख्या में उद्यामी प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष मार्बल उद्योग की मौजूदा चुनौतियों और ऊंची रॉयल्टी दरों से उत्पन्न समस्याओं को रखा। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार उद्योग हितेषी नीतियों को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस विषय में शीघ्र ही नोटिफिकेशन जारी करने का भरोसा भी दिलाया। बैठक में खान विभाग के प्रमुख सचिव टी. रविकांत सहित बरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। उद्यमी प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री व अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि इस निर्णय से मार्बल उद्योग को नई ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा की क्षमता मिलेगी।