लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रान्त अध्यक्ष महावीर चौपड़ा ने बताया कि राइजिंग राजस्थान के एमओयू को धरातल पर उतारने एवं औद्योगिक क्षेत्र में निवेश और विकास को प्रोत्साहित करने के लिये रीको की ओर से महत्वपूर्ण पहल की शुरूआत की गयी है।
इसके तहत रीको बोरानाडा की ओर से बोरानाड़ा औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों को सीधे भूखण्ड आंवटन योजना के तहत भूखण्ड आवंटन के लिये प्रस्तावित किये गये हैं और मल्टीपल आवेदन पर लॉटरी की गयी है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने कहा कि राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेन्ट समिट में एमओयू करने वाले निवेशकों एवं उद्यमियों के लिये राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए उन्हें सीधे भूमि आवंटन करने का निर्णय लिया था। साथ ही एमओयू करने वाले निवेशकों और उद्यमियों के लिये व्यापक योजनाओं, वित्तीय सहायता और सुविधाओं की घोषणा की गयी थी जिससे निवेशकों को बड़ी राहत मिल रही है और प्रदेश में औद्योगिकरण को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नवीन अवसर प्राप्त हो रहे है।
रीको बोरानाडा के वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक विनीत गुप्ता ने बताया कि सीधे भूखण्ड आवंटन के तहत बोरानाडा विस्तार रमे मे 10 भूखण्ड, मेडिकल डिवाइस पार्क में 4 भूखण्ड एवं कांकाणी में 04 भूखण्ड सहित कुल 18 भूखण्ड (51.92 एकड़ भूमि) आवंटन के लिये प्रस्तावित किये गये। उन्होंने बताया कि इस आवंटन से 412 करोड़ का प्रस्तावित निवेश होगा। रीको को 197.01 करोड़ रुपए की आय हुई एवं लगभग 2000 से अधिक लोगों को रोजगार के नये अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि इससे नये उद्योगो की स्थापना आसानी से होगी और राज्य के अर्थव्यवस्था मे महत्वपूर्ण योगदान होगा।
रीको जयपुर कार्यालय से ऑनलाईन आवंटन प्रक्रिया मे लूणी एसडीएम पुखराज, रीको बोरानाडा के अधिकारीगण एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र जोधपुर के उपनिदेशक श्रीमती पूजा मेहरा सुराणा के देखरेख में सम्पन्न हुई, जिसमें बोरानाडा रीको के क्षेत्रीय अधिकारी डी के झा, वीरेन्द्र सुराणा, लघु उद्योग भारती बोरानाडा अध्यक्ष राजेन्द्र सालेचा विभिन्न औद्योगिक संस्थाओं के पदाधिकारी, आवेदक एवं सदस्य महेश सोनी, आशीष अग्रवाल, जितेश दवे, अक्षत सोनी, धनेश सोनी, प्रतीक भाटी, भाटी, आशीष माथुर व मनीष धारीवाल इत्यादि उपस्थित रहे।