भास्कर न्यूज | आसपुर
रीको औद्योगिक क्षेत्र रामा धाणी आसपुर की समस्याओं का निवारण करने की मांग को लेकर गुरुवार को लघु उद्योग भारती इकाई आसपुर ने उपखण्ड अधिकारी योगेन्द्र वैष्णव को ज्ञापन सौंपा।
अध्यक्ष निकुंज जोशी ने बताया कि गत वर्ष रीको औद्योगिक क्षेत्र रामाधानी आसपुर में लॉटरी सिस्टम द्वारा प्लॉट आवंटित किए। इस पर कई लोगों ने लाखों रुपए जमा करा दिए है लेकिन एक वर्ष बीतने के बाद भी वहा उद्यम स्थापित करने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं है। रीको क्षेत्र की मुख्य सड़क से दूरी लगभग 6 किलोमीटर है वह सड़क सिंगल पट्टी है तथा इतनी जर्जर अवस्था में है। इसमें मोटरसाइकिल भी सुरक्षित नहीं गुजर सकती है। ऐसे मैं उद्यम के लिए कच्चा माल लाने तथा ले जाने के लिए बड़े वाहन ट्रांसपोर्ट कर सके एसी चौड़ी सड़क की जरूरत है। रीको क्षेत्र में
विद्युत व्यवस्था भी समुचित नहीं है, लोड लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है, पेयजल की दूर दूर तक कोई व्यवस्था नहीं है। संरक्षक अनिल गुप्ता ने कहा कि, जब कोई व्यवस्था ही नहीं है तो कोई उधमी उस जगह पर निवेश कैसे करेगा। आसपुर के छोटे छोटे उधमी ने जैसे तैसे कर 25 प्रतिशत राशि तो जमा करवा दी है, लेकिन सभी को क्षेत्रीय प्रबंधक डूंगरपुर का नोटिस मिला है कि बकाया राशि ब्याज समेत जमा कराए जो ज्यादती हो रही। सचिव जितेन्द्र जैन ने कहा कि बकाया राशि पर ब्याज नहीं लिया जाये और आज से 120 दिन तक की मोहलत दी जाए। साथ ही इस दरम्यान विभाग रोड, विद्युत, पेयजल, स्ट्रीट लाइट आदि की व्यवस्था कर दे। इस मौके पर जोरावर सिंह रायकी, पूर्व सचिव पंकज मेहता, अशोक कलाल, हंसमुख सोनी, विनोद सुथार, भगवती डबगर, संदीप तेली, सूर्यसिंह, कृष्णा सुथार आदि कई उद्यमी म मौजूद रहे।