सूक्ष्म और लघु उद्योगों के लिए अखिल भारतीय स्तर पर कार्य कर रहे पंजीकृत संगठन लघु उद्योग भारती की श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ एवं सूरतगढ़ इकाईयों द्वारा कल 25 अगस्त रविवार को हनुमानगढ़ रोड़ स्थित केआर रिजोर्ट में सायं 4.15 बजे राष्ट्रीय स्तर का उद्यमी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
इसमें केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री भागीराथ चौधरी मुख्य अतिथि होंगे एवं लघु उउद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाशचन्द्र गुप्ता व राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा कार्यक्रम अध्यक्ष होंगे। विधायक जयदीप बिहाणी व विधायक गुरवीर बराड़ विशिष्ट अतिथि होंगे। इनके अलावा प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड़, प्रदेश सचिव योगेन्द्र शर्मा, प्रांत अध्यक्ष महावीर चोपड़ा भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी संदर्भ में शुक्रवार को धानमंडी ट्रेडर्स एसो. भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष गौरव बगडिया ने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर का उद्यमी सम्मेलन पहली बार श्रीगंगानगर में हो रहा है। जिसमें इस इलाके के सभी सूक्ष्म और लघु उद्योगों के संचालक आमंत्रित है। सम्मेलन के माध्यम से सभी सूक्ष्म और लघु उद्योगों में आने वाली दिक्कतों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जायेगा और इनके निराकरण के लिए केन्द्रीय व राज्य सरकार को अवगत करवाया जायेगा। सम्मेलन से पहले प्रातः 10 बजे राष्ट्रीय स्तर का अभ्यास वर्ग शिविर भी होगा। प्रेसवार्ता में संगठन के सचिव चन्द्र शेखर गौड़, संरक्षक राजेश जैन, कोषाध्यक्ष राहुल जैन ने बताया कि लघु उद्योग भारती 1994 से कार्य कर रही है और यह नागपुर से शुरू हुआ संगठन है, जिसकी वर्तमान में देश में 981 शाखाएं है जो 578 जिलों में सक्रिय है। लघु उद्योग भारती एमएसएमई के क्षेत्र में आने वाली बाधाओं के लिए संघर्ष करता है। इसका मुख्य उद्देश्य छोटे और लघु उद्योगों के संपूर्ण व सतत् विकास में साथ देना है। इस अवसर पर कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र का भी विमोचन किया गया, जिसमें मीडिया सलाहकार सौरभ जैन भी साथ रहे।