लघु उद्योग भारती की भिवाड़ी प्रथम इकाई की मासिक बैठक आयोजित हुई। इसमें औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ उद्यमियों, नए उद्योगपतियों और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर उद्योग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक की शुरुआत इकाई के सचिव सीए आर.के. गुप्ता ने संगठन मंत्र के साथ की। इसके बाद सदस्यों ने अपने-अपने उद्योग, उत्पाद और अनुभव साझा किए। उपाध्यक्ष डॉ. नितिन रस्तोगी ने संगठन के एलईएपी डिजिटल पोर्टल पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि यह पोर्टल एमएसएमई इकाइयों को राष्ट्रीय स्तर पर बाजार, नेटवर्किंग और सप्लाई चेन से जोड़ने में मदद कर रहा है। उन्होंने उद्यमियों से पोर्टल पर पंजीकरण कर अपने उत्पाद अपलोड करने का आह्वान किया। इकाई अध्यक्ष सरजीत यादव ने खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में हाल ही में हुई आग की घटना के बाद विभिन्न विभागों की बार-बार हो रही जांच पर चिंता जताई। बैठक में बिजली दरों, प्रदूषण नियंत्रण मंडल में लंबित मामलों और ऊर्जा लागत कम करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। साथ ही आगामी माह नेशनल पेंशन सिस्टम पर सेमिनार आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में हरीराम, संजय, प्रवीण गर्ग, अश्वनी ग्रोवर, सुदेश अग्रवाल, भगवानदास, विरल, नितिन, अजीतसिंह, डीके गर्ग, भारतभूषण, हरीश, खेम, इन्द्रपाल, पंकज, अनेक रोज सहित अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।