<p>बीकानेर, (निसं)। लघु उद्योग भारती के तत्वावधान में शुक्रवार को गंगाशहर स्थित तेरापंथ भवन में दीपावली मेले का शुभारंभ हुआ। मेले का उद्धघाटन जैन साधु संतों, उद्योगपतियों व व्यवसायियों की मौजूदगी में दाताश्री रामेश्वरानंद महाराज ने किया। लघु उद्योग भारती के बीकानेर इकाई के अध्यक्ष हर्ष कंसल ने बताया कि मेले में 100 से अधिक स्टॉल्स लगाई गई है। इनमें गारमेंट्स, साड़ियां, ज्वैलरी, मसाले, नमकीन, बेकरी, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों, सिरेमिक टाइल्स, किचन इंटीरियर आदि प्रोडेक्ट्स की स्टॉल्स लगाई गई है। मेले में ग्राहक शॉपिंग के साथ किड्स जोन व फूड जोन का लुत्फ उठा सकते हैं। साथ ही विजिटर्स के लिए लक्की ड्रॉ व सांस्कृतिक गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया जा सकता है। उद्घाटन अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में दाताश्री रामेश्वरानंद महाराज, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बोरड़, जोधपुर प्रांत अध्यक्ष महावीर चौपड़ा, बीकानेर इकाई के सचिव प्रकाश वहाल, आरएसएस से जुड़े श्याम मनोहर, फर्म भीखाराम चांदमल के प्रमुख हरिबाबू अग्रवाल, बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी पी पचीसिया, होटल कारोबारी सुभाष मित्तल, गौरव पैकेज के प्रमुख उमाशकर माथुर, मारवाड़ हॉस्पिटल के मालिक शिवजी अरोड़ा, होटल व्यवसायी डॉ. नरेश गोयल, उद्योग भारती बीकानेर इकाई के अध्यक्ष हर्ष कंसल मंचासिन थे। लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल ने संगठन की महिला इकाई की घोषणा की जिसके अध्यक्ष पद का दायित्व राखी चोरडिया व रुबी अने को सचिव पद का दायित्व सौंपा। वहीं 45वीं इकाई खारा इकाई की घोषणा की गई जिसके अध्यक्ष पद का दायित्व रमेश अग्रवाल को सौंपा गया। प्रदेश अध्यक्ष शांति लाल ने उद्योग भारती का परिचय देते हुए बताया कि देश में 550 जिलों को इकाईयों में करीब 45 हजार सदस्य हैं। इस दौरान बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष डी पी पचीसिया ने भामाशाहों की समस्या को उठाते हुए कहा कि भामाशाह राज्य सरकार की भूमि पर निर्माण कर भवन सौंपते हैं। उस पर सरकारें 18 प्रतिशत जीएसटी ले रही हैं जो कि अनुचित है। इसमें छूट दिलाने के लिए संगठन प्रयास करें। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नई इकाइयों को योजनाएं देती है और पुरानी पर विचार नहीं करती। परिणाम स्वरूप नई इकाईयां लगती है। और पुरानी बंद हो जाती है। सरकार इस बारे में सोचे।</p>