<p>संदेश न्यूज। कोटा, लघु उद्योग भारती महिला इकाई महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन देकर उद्योग जगत में स्थापित करने में सहायता करती हैं और स्व-रोजगार के लिए प्रेरित कर उनके द्वारा बने उत्पाद को बाजार उपलब्ध कराने का कार्य करती हैं।</p><p>लघु उद्योग भारती की महिला इकाई की अध्यक्ष शशि मित्तल सचिव चांदनी पोद्दार एवं कोषाध्यक्ष निहारिका गुप्ता ने बताया कि स्वयंसिद्धा लघु उद्योग भारती का एक ऐसा प्लेटफॉर्म हैं, जहा छोटे बड़े हर उद्यमी की अच्छा अवसर प्राप्त होता हैं। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए लघु उद्योग भारतीय महिला इकाई द्वारा आत्मनिर्भर भारत की पहचान महिलाओं का उत्थान थीम पर 5, 6, 7 जनवरी को माहेश्वरी भवन झालावाड़ रोड पर एक प्रदशनी का आयोजन,सिडबी की सहायता से किया जाएगा। यहां छोटे स्तर पर कार्य करने वाली महिला उद्यमी तथा ऐसे स्वयं सहायता समूह जो बहुत छोटे स्तर पर कार्य कर रहे हैं उनको निशुल्क स्टॉल्स प्रदान किए है तथा अन्य महिला उद्यमियों को भी रियायती दर पर स्टॉल्स उपलब्ध कराई है। सभी उद्यमी बहनों का एम.एस.एम.ई. में रजिस्ट्रेशन करवाया जाएगा और उनका उद्यम आधार बनवाया जाएगा, क्योंकि किसी भी सरकारी योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए, उद्यमी के पास उच्चम आधार का होना आवश्यक हैं। कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी, दी एसएसआई एसोसियेशन के संस्थापक अध्यक्ष गोविंद राम मित्तल ने बताया कि कोटा के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए इस तरह के प्रदर्शनी उद्योग मेले के आयोजन अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश का औद्योगिक विकास करना है तो राज्य एवं केंद्र सरकार को नई औद्योगिक नीति बनाकर व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। महिला उद्यमियों के हस्त शिल्प एवं कुटीर उद्योग से कोटा की नई पहचान बनेगी।</p><p>लघु उद्योग भारती के पूर्व प्रांतीय सचिव एवं दी एसएसआई एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अच्चल पोद्दार ने बताया कि स्वयंसिद्धा प्रदर्शनी का उदघाटन 5 जनवरी को सुबह 11 बजे होगा। जिसमें विधायक संदीप शर्मा, राजेश बिरला, राजस्थान स्टेट लघु उद्योग भारती राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ताराचंद गोयल अतिथि होंगे। प्रदर्शनी के समापन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे।</p>