मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान का हस्तशिल्प प्रदेश का गौरव है। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लघु, मध्यम और बड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए नई और प्रभावी नीतियां तैयार की हैं तथा स्टार्टअप क्षेत्र में भी नवाचार को प्रोत्साहित कर रही है।
शर्मा जोधपुर में पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस उत्सव के माध्यम से प्रदेश के हस्तशिल्प को बढ़ावा के साथ ही कारीगरों के लिए भी समृद्धि एवं रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे। राज्य की ब्लू पॉटरी, मार्बल के हस्तशिल्प, पीतल की कलाकृतियां, मिनिएचर पेंटिंग, काष्ठ कलाकृतियां, कपड़ा छपाई आदि दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं। ऐसे में यह उत्सव प्रदेश की अद्भुत हस्तशिल्प कला के संरक्षण एवं संवर्धन का एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस उत्सव में राइजिंग राजस्थान के प्रयासों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के हस्तशिल्पियों और कलाकारों की कला को सम्मानित करने के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना की शुरूआत की है। इस योजना में राज्य सरकार द्वारा 2 प्रतिशत अतिरिक्त अनुदान जारी कर उन्हें सक्षम एवं समृद्ध बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से कलाकारों को उचित प्रशिक्षण, ऋऋण सहायता और वैश्विक बाजार तक पहुंच मिल रही है जिससे वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभा सकें। हस्तशिल्प, हैंडलूम और एमएसएमई के 50 नए क्लस्टर किए जाएंगे विकसित मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदर्शनी, कार्यशाला, सेमिनार आदि के आयोजन के लिए जयपुर में पीएम यूनिटी मॉल की स्थापना की जाएगी। साथ ही प्रदेश में हस्तशिल्प, हैंडलूम और एमएसएमई के 50 नए क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री 4.0 की ओर बढ़ाने में हस्तशिल्प को तकनीकी नवाचार और स्मार्ट समाधानों का हिस्सा बनाना जरूरी है। राज्य सरकार द्वारा शिल्पकारों को भी स्मार्ट टेक्नोलॉजी एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पांच वर्ष में 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने अब तक लगभग 47 हजार पदों पर युवाओं को नियुक्तियों प्रदान की हैं। वहीं इसी माह में 13 हजार 500 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसके साथ ही, लगभग 81 हजार सरकारी नौकरियों के लिए वर्ष 2025 में होने वाली परीक्षाओं का कलेण्डर जारी किया गया है। इससे पहले शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर हस्तशिल्प उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया एवं उत्सव के केन्द्रीय पांडाल एवं बेट द्वारका का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 'लूणीः समग्र विकास को समर्पित एक वर्ष' विकास पुस्तिका, मसाला उद्योग से संबंधित फोल्डर एवं लघु उद्योग भारती के मुख पत्र लघु उद्योग टाइम्स का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के.के. बिश्नोई, विधायक देवेन्द्र जोशी, अतुल भंसाली, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, संगठन मंत्री प्रकाश चंद, प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड, प्रांत अध्यक्ष महावीर चोपड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि व आमजन उपस्थित रहे।