लघु उद्योग भारती का प्रतिनिधि मंडल विधायक दीप्ति माहेश्वरी से मुलाकात की और राजसमंद क्षेत्र के औद्योगिक एवं सर्वांगीण विकास के विषयों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि मंडल ने विधायक को बजट में मार्बल मंडी की सौगात दिए जाने के लिए किए गए सकारात्मक प्रयासों के लिए आभार जताया। अध्यक्ष संदीप सामसुखा की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में स्वदेशी घरेलू मार्बल एवं ग्रेनाइट पर जीएसटी कम करने, राजसमंद क्षेत्र को औद्योगिक गैस पाइप लाइन से जोड़ने एवं सिरेमिक क्लस्टर की घोषणा, डीएमएफटी कोष द्वारा क्षेत्र के विकास, बेहतर अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा, सीडीओएस द्वारा एशिया के सबसे बड़े मार्बल के उत्पादन एवं प्रसंस्करण केंद्र राजसमंद पर प्रदर्शनी के आयोजन करने, इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक कॉरिडोर कनेक्टिविटी एवं मार्बल ग्रेनाइट पर रॉयल्टी दरें कम करने के विषय साझा किए गए। विधायक ने सभी विषयों को सकारात्मक रूप से सुना एवं कुरज में कंटेनर डिपो एवं औद्योगिक गैस की सप्लाई के लिए डिपो के गतिशील प्रयासों के बारे में बताया। साथ ही जीएसटी कम करने के संबंध में सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान महामंत्री हेमंत सहलोत, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य हर्षलाल नवलखा, उपाध्यक्ष उत्तम कावड़िया, कार्यकारिणी सदस्य निर्मल बडोला, सचिव कुलदीप व्यास, जेतपूरा इकाई सचिव राजेंद्र धाबाई एवं महेंद्र टेलर मौजूद थे।