जयपुर से सीडीओएस और लघु उद्योग भारती के 15 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने सोमवार को किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन सभागार में 9 व 10 जनवरी को आयोज्य अंतरराष्ट्रीय स्टोन टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस की पूर्व तैयारी का अवलोकन किया।
प्रतिनिधि मण्डल में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक, स्टोन मार्ट 2026 के संयोजक नटवरलाल अजमेरा, पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम एवं सीडीओम सीईओ मुकुल रस्तोगी, डायरेक्टर विवेक जैन, वाइस चेयरमैन राकेश गुप्ता, पूर्व डायरेक्टर एफआईजीएसआई ईश्वेन्द्रसिंह, स्टोना 2025 के चेयरमैन जांगिड़ आदि शामिल थे। मदन संयोजक अजमेरा ने बताया कि ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम (जीएसएफटी) अंतरराष्ट्रीय स्टोन टेक्नोलॉजी कॉन्फ्रेंस है। जो डायमेंशनल स्टोन सेक्टर में नवीनतम प्रगति और अभिनव रूझानों पर केंद्रित है। सीडीओम सीईओ रस्तोगी ने जानकारी दी कि फोरम का 10वां संस्करण 9 व 10 जनवरी को किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि सीडीओएस (सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ स्टोन्स) और रीको द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के साथ सह- आयोजक के रूप में उद्योग जगत के लीडर्स नवीनतम तकनीकों, टिकाऊ प्रथाओं और नवाचारों पर चर्चा करने के लिए एक साथ आएंगे। लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सचिव पारीक ने बताया कि चूंकि इस सम्मेलन का मुख्य मूलमंत्र प्रौद्योगिकी है इसलिए इस विषय में पत्थर उद्योग में नवीनतम तकनीकी प्रगति और विकास को शामिल किया जाएगा। क्षेत्र के विशेषज्ञों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा ऑडियो विजुअल प्रजेंटेशन्स के माध्यम से प्रासंगिक विषयों को शामिल किया जाएगा। किशनगढ़ इकाई अध्यक्ष उमेश गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में स्टोन इण्डस्ट्री के लगभग 500 सदस्य प्रतिभागी बनेंगे और कार्यक्रम के दौरान स्टोन प्रोसेसिंग में उपयोगी विभिन्न उत्पाद, मशीनरी एवं हैण्डीक्राफ्ट्स सहित अन्य प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि उद्योग मंत्री राज्यवर्धनसिंह राठौड़ और समापन सत्र में उद्योग राज्य मंत्री केके बिश्नोई बतौर मुख्य अतिथि होंगे। किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन अध्यक्ष सुधीर जैन ने प्रतिनिधि मण्डल को कांफ्रेंस को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग करने को लेकर आश्वस्त किया। प्रतिनिधि मण्डल का स्वागत मुकेश अग्रवाल, प्रांत सह सचिव दीपक शर्मा, किशनगढ़ इकाई अध्यक्ष उमेश गोयल, कोषाध्यक्ष प्रकाश भोमावत, राजेशकुमार गोयल, सत्यनारायण बंसल, महेन्द्र पाटनी, नरेश बजाज, प्रहलाद अग्रवाल, गिरिराज मेहता, सिलोरा इकाई अध्यक्ष जितेन्द्रसिंह राजपुरोहित, सचिव दिवाकर दाधीच, खोड़ा गणेश इकाई अध्यक्ष राजेश बाफना, सचिव गौरव अग्रवाल, महिला इकाई अध्यक्ष संतोष बजाज, कोषाध्यक्ष ज्योति छापरवाल, किशनगढ़ मार्बल एसोसिएशन अध्यक्ष सुधीर जैन सहित उद्यमियों ने किया।