पश्चिमी राजस्थान हस्तशिल्प उत्सवः 15 से अधिक समितियों का गठन

जोधपुर, 12 जनवरी (कास)। रावण का चबूतरा मैदान में 24 जनवरी से 4 फरवरी तक आयोजित होने वाले पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव की तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए लेकर लघु उद्योग भारती भवन में विभिन्न औद्योगिक संगठन, जिला प्रशासन, जिला उद्योग केंद्र और आयोजन समितियों के सदस्यों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप देने पर विचार विमर्श किया गया। पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प 2024 के मुख्य संयोजक घनश्याम ओझा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मेले में अनावश्यक खर्च को बचाते हुए मेले में आने वाले उद्यमियों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।

मुख्य समन्वयक महावीर चोपड़ा ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियां का गठन किया गया है। मेले में इस बार कई नवाचार किया जाएंगे।

आयोजन समिति के स्वागत कमेटी के उपाध्यक्ष निर्मल गहलोत ने मेले के दौरान सफाई व्यवस्था और फूड क्वालिटी पर विशेष ध्यान रखने का सुझाव देते हुए कहा कि मेले के दौरान आयोजित सेमिनार विशेष विषयों पर केंद्रित होते हैं इसलिए सेमिनार में अधिक से अधिक उद्योगों की उपस्थिति हो, यह प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, जोधपुर प्रान्त उपाध्यक्ष दीपक माथुर, प्रान्त संयुक्त महासचिव सुरेशकुमार विश्नोई, प्रान्त कोषाध्यक्ष नितिन सालेचा, जोधपुर महानगर उपाध्यक्ष पंकज भण्डारी पूर्व अध्यक्ष सुधीन्द्र दुगड, राजेन्द्र राठी, कार्यकारिणी सदस्य प्रकाश जीरावला, सदस्य अशोक बाहेती, हैंडीक्राफ्ट एसोसियेशन के भारत दिनेश, जोधपुर इंडस्ट्रीज से अनुराग लोहिया के अलावा स्टील एशोसियेशन सहित अन्य विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक के दौरान विभिन्न समितियां के पदाधिकारियों ने तैयारी को लेकर प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक को जोधपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष एनके जैन व मारवाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के माधोसिंह भंडारी ने भी संबोधित किया। इस दौरान मेले के आयोजन को लेकर लगभग 15 से अधिक समितियों का गठन किया गया। जिसमें आयोजन कमेटी, एक्जीक्यूटिव कमेटी, स्वागत कमेटी, पैटर्न कमेटी, वित्त कमेटी, स्टॉल अलॉटमेंट कमेटी, सेंट्रल पंडाल कमेटी, स्टोन माइंस नेचुरल रिसोर्स कमेटी, कॉन्फ्रेंस एंड सेमिनार कमेटी, प्रतियोगिताएं कमेटी मारवाड़ी प्रतियोगिता, प्रचार प्रसार कमेटी, इंफा मैनेजमेंट कमेटी, सुरक्षा कमेटी, सांस्कृतिक कमेटी, इन्विटेशन कमेटी, फूड कोर्ट व आवास व्यवस्था कमेटी शामिल है।

हस्तशिल्प उत्सव को लेकर बैठक 15 को- पश्चिमी राजस्थान उद्योग हस्तशिल्प उत्सव के परिपेक्ष में जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में 15 जनवरी को दोपहर 3.30 बजे जिला परिषद सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में उत्सव आयोजन में विभिन्न विभागों के दायित्वों एवं उनके क्रियान्वयन बाबत् विचार-विमर्श किया जाएगा।