<p>बिजनेस रिपोर्टर | जयपुर</p><p>प्रदेश के दौरे पर आए केंद्रीय एमएसएमई मंत्री नारायण राणे ने गुरुवार को उद्यमियों व व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी और सुझाव लिए। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि राजस्थान में उद्योग व व्यापार के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। राणे ने मुलाकात के दौरान फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड इंडस्ट्री (फोर्टी) प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रदेश के आर्थिक विकास और एमएसएमई प्रोत्साहन पर चर्चा की। इस दौरान फोर्टी संरक्षक सुरजाराम मील, अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष पी.डी गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता व नरेश चोपड़ा, उपाध्यक्ष राजकुमार तालुका व रमेश अग्रवाल, मुख्य सचिव नरेश सिंघल व गिरधारी खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष नरेश गोयल, फोर्टी फोरन ट्रेड कमेटी अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, धीरेंद्र राघव, वुमन विंग महासचिव ललिता कुच्छल, उपाध्यक्ष नीलम मित्तल, संयुक्त सचिव साक्षी आहूजा व ज्योति पवार मौजूद रही। राणे ने कहा कि भारत 2030 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा तो इसमें राजस्थान की अहम भागीदारी होगी। फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने कहा, प्रदेश में एमएसएमई के सामने कई चुनौतियां हैं। उम्मीद है कि राज्य व केंद्र सरकार मिलकर समस्याओं का निवारण करेगी। सुरजाराम मील ने बताया कि फोर्टी एक मात्र औद्योगिक संगठन है, जिसने देश के बाहर केन्या में मल्टी ट्रेड एग्जीबिशन आयोजित की।</p><p>अगले साल नवंबर में युगांडा में इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो की योजना है। यदि केंद्र सरकार इस एक्सपो में सहयोग करे तो पूरे देश को लाभ होगा। फोर्टी नए बाजारों की तलाश में अन्य देशों में भी एक्सपो आयोजित करेगा। ललिता कुच्छल ने मार्च-अप्रैल में जयपुर में होने वाली राजस्थान वुमन आंत्रप्रिन्योर समिट को केंद्र और राज्य सरकार के एमएसएमई कैलेंडर में शामिल करने की मांग की। नीलम मित्तल ने इंडो-अफ्रीका एक्सपो की रिपोर्ट पेश की। उधर, राणे ने फोर्टी के प्रयासों की सराहना की।</p>