जोधपुर. देश के प्रमुख शहरों के रूप में जोधपुर-पाली को इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी के रूप में शामिल करने से प्रदेश के उद्यामियों और व्यापारियों में खुशी की लहर है। नए इंडस्ट्रियल कॉरिडोर घोषित करने पर प्रमुख औद्यागिक संगठनों एवं संस्थानों और शहर के प्रमुख उद्यमियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जोधपुर सांसद केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्रसिह शेखावत एवं केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया है।
स्थानीय स्टील भवन में इस संबंध में शुक्रवार को लघु उद्योग भारती के प्रांत अध्यक्ष महावीर चौपड़ा, स्टेनेस स्टील इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अध्यक्ष प्रकाश जीरावाला, जोधपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार जैन एवं सचिव अनुराग लोहिया, टेक्सटाइल एसोसिशन इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक संचेती, ग्वार गम इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद आचार्य, जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली एवं भाजपा शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा ने संयुक्त पत्रकार वार्ता की। नया कोरिडोर बनने से राजस्थान के स्थानीय विशेषकर मंझले व्यापारियों को लाभ होगा। नए उद्योग. सृजित होंगे, सस्ते दामों पर जमीने मिलने से नए लोगों को उद्योग स्थापित करने में आसानी होगी।