राजस्थान फाउंडेशन और लघु उद्योग भारती के संयुक्त तत्वावधान में इंदौर/देवास में एक भव्य प्रवासी राजस्थानी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें इंदौर, देवास, उज्जैन समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रवासी राजस्थानियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रवासी समुदाय के बीच राजस्थान से जुड़ाव को मजबूत करना, राज्य के विकास में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना और उन्हें सम्मानित करना था। इस संवाद कार्यक्रम में राजस्थान फाउंडेशन की आयुक्त डॉ. मनीषा अरोड़ा, देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह, लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश मित्तल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष समीर मुंडड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष उल्लास वैध और मास कम्युनिकेशन प्रभारी अतीत अग्रवाल सहित अनेक प्रमुख अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में डॉ. मनीषा अरोड़ा ने राजस्थान सरकार द्वारा प्रवासी राजस्थानियों के लिए किए जा रहे नवाचारों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार एक नया विभाग स्थापित करने जा रही है जो प्रवासी समुदाय से जुड़ी समस्याओं और योजनाओं पर कार्य करेगा। साथ ही हर जिले में नोडल अधिकारी की नियुक्ति, प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन, प्रवासी सम्मान अवॉर्ड, राजस्थान फाउंडेशन के नए चैप्टर, और आर आईपीएस 2024 (राजस्थान इन्वेस्टमेंट प्रमोशन स्कीम) जैसी योजनाएं प्रवासियों को सशक्त करने के लिए बनाई गई हैं।
इन्हें किया 'उद्योग सम्मान' से सम्मानित
कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और राजस्थान से अपने गहरे जुड़ाव और विकास में योगदान की इच्छा को स्पष्ट रूप से प्रकट किया। इसके साथ ही, लघु उद्योग भारती, देवास द्वारा मध्यप्रदेश में उद्योग संचालित कर रहे प्रवासी राजस्थानियों को ह्यउद्योग सम्मानद्ध से नवाजा गया। सम्मानित होने वालों में अनुराग बोथरा, विनोद राठी, पंकज अटल, हुकुम चंद जांगिड़, बंवि पोद्दार, शिव जी शर्मा, अंजन शाह, राहुल कसट और ही अग्रवाल शामिल रहे। इसके अतिरिक्त, देवास की तहसीलदार सपना शर्मा, जो स्वयं भी एक प्रवासी राजस्थानी हैं, को मी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में ये ये उपस्थित
कार्यक्रम में इकाई अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता, सचिव विजेंद्र उपाध्याय, सुभाष सिंधे, हरीश जैन एवं महिला इकाई की अध्यक्ष रचना तलाटी, सचिव किंशु गुधा, सह सचिव राधिका मुंदडा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। संचालन जितेंद्र जायसवाल ने किया और कार्यक्रम से संबंधित जानकारी मीडिया प्रभारी संजय कारपेंटर द्वारा साझा की गई। यह आयोजन प्रवासी समुदाय को राजस्थान के साथ पुनः जोड़ने की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में सामने आया, जिसने न सिर्फ सांस्कृतिक रिश्तों को प्रगाढ़ किया, बल्कि आर्थिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं को भी मजबूती प्रदान की।