लघु उद्योग भारती की बुधवार को ताला नगरी स्थित कोणार्क लाक परिसर में बैठक हुई, जिसमें भारतीय मानक ब्यूरो (बीआइएस) में ताला-हार्डवेयर की कंपनी, फर्म व ब्रांड के पंजीकरण व नियम शर्त लागू करने का विरोध करने का निर्णय लिया गया। वाणिज्य व उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार (डिपार्टमेंट फार कामर्स आफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड) के संयुक्त सचिव संजीव के स्तर से जारी गजट को वापस लेने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
उद्योगपति भिखारी दास गुप्ता ने कहा कि ताला-हार्डवेयर की छोटी बड़ी मिलाकर सभी प्रकार की 10 हजार से अधिक यूनिट है। इन उत्पादनों की एक ही अति सूक्ष्म व लघु कुटीर फैक्ट्री में प्रक्रिया कराना संभव नहीं है। बीआइएस के नियम व शर्त बहुत कठिन हैं। अन्य वक्ताओं ने साथ ही चिंता भी व्यक्त की है कि जिन उद्यमियों ने चार माह पहले अपनी फर्म व ब्रांड का बीआइएस में पंजीकरण कराया था, उनको अभी तक प्रमाणपत्र भी जारी नहीं किए गए हैं। लघु उद्योग भारती के प्रदेश संयुक्त महामंत्री गौरव मित्तल ने कहा है कि इस तरह के गजट का अनुपालन इतने कम समय में कर पाना असंभव है। जिलाध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने बताया कि पांच सदस्यीय कमेटी विभाग के सचिव से मिलेगी। बैठक में जिला महामंत्री योगेश गोस्वामी, राजकुमार स्पाइडर, तरुण सक्सेना, प्रहलाद सिंह, मनीष बंसल, मोहित गुप्ता, संजय शर्मा उपस्थित उपस्थित रहे।