लघु उद्योग भारती हरिद्वार इकाई की ओर से आयोजित मासिक बैठक एवं होली मिलन उत्सव में वक्ताओं ने उद्यमियों की एकता और उनकी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया।
करौंधी स्थित होटल में आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि लघु उद्योग भारती के प्रांत अध्यक्ष बिजय सिंह तोमर ने कहा, वर्ष 1994 में लघु उद्योग भारती की स्थापना सशक्त भारत का निर्माण करने के लिए को गई, जिसकी आर्थिक गतिविधियां उसकी जड़ता से जुड़ी हों। जिसके उद्यमियों में देश को लूटने की नहीं, देश के वैभव को नए सिरे से तैयार करने की व्यवस्था हो। ताकि, भारत का खोया हुआ औद्योगिक विकास और आत्मसम्मान पुनः जीवित होकर खड़ा हो सके।
आज उसी का नतीजा है, लघु उद्योग भारती, देश के प्रत्येक जिले में उपस्थित है। आज लघु उद्योग भारती के सदस्य, केंद्र और राज्य की सरकारों में उद्यमियों के हित में नीति बनाने के लिए अपनी सशक्त भूमिका निभा रहे हैं।
भाजपा के लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं अति विशिष्ट अतिथि राहुल देव दंड ने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को संगठन ने प्रदेश सरकार में बड़ी जिम्मेदारी दी है। इसके लिए वह संगठन के हमेशा ऋणी रहेंगे। साथ ही आश्वासन दिया, लघु उद्योग भारती ने जो जिम्मेदारी उन्हें सरकार में दी है उसे वह ईमानदारी से निभाएंगे। साथ ही उद्योगों के हित के लिए वह हर कदम उठाएंगे जो प्रदेश के हित में होगा। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश संयुक्त महामंत्री गौरव भाटिया, हरिद्वार जिला अध्यक्ष मनोज पुंडीर आदि ने विचार रखे।
इस दौरान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप खंडूड़ी, गढ़वाल संयोजक जीपी पैन्यूली, मधुसूधन बलूनी, प्रांत संपर्क प्रमुख राजेश शर्मा, पीएन यादव, हरिद्वार ग्रामीण के जिला अध्यक्ष कुलदीप सिंह महामंत्री निखिल गोयल आदि मौजूद रहे।