<p>• सान्ध्य टाइम्स ब्यूरो</p><p>व्यापार और निर्माण संबंधी समस्याओं पर लघु उद्योग भारती (LUB) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को वाणिज्य भवन में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। LUB के राष्ट्रीय महामंत्री ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि मीटिंग में पीयूष गोयल ने अधिकारियों के संग विस्तार से दिक्कतों को सुना और आवश्यक निर्देश दिए। अलग-अलग प्रांतों के प्रतिनिधिमंडल ने खुलकर अपनी बात कही। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT') और जेम पोर्टल में आ रही प्रॉब्लम पर चर्चा हुई। मंत्री को बताया कि LUB भारत सरकार की अलग- अलग कार्ययोजनाओं पर साथ मिलकर काम करना चाहती है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को सरकार बढ़ावा देती है, लेकिन जमीन पर ये ठीक से प्रभावी नहीं है। ये हिन्दुस्तान के हिसाब से तर्कसंगत होनी चाहिए।</p><p>विश्व बैंक की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत 63वें स्थान पर है, जबकि हम चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। ये मेल नहीं खाती है। इस पर ध्यान देना होगा। ओम प्रकाश ने कहा कि एमएसएमई के लिए भी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस आसान बनाना है। उसी तरह पॉलिसी होनी चाहिए। कई उद्यमियों ने बीआईएस संबंधी परेशानियां भी उठाईं। स्टेनलेस स्टील, फुटवियर, इंडस्ट्रियल पॉलिस्टर के विषय भी चर्चा में आए। टेक्सटाइल से जुड़े उद्यमियों ने अपनी बात कही। मीटिंग में मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद रहे। पीयूष गोयल ने सभी अफसरों को निर्देश दिया कि प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं का हल किया जाए। बैठक में LUB के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद, राजस्थान के अध्यक्ष शांतिलाल बलार, जनक भाटिया और नरेश पारिख आदि मौजूद रहे, ये जोधपुर, बालोतरा, रतलाम, दिल्ली, नोएडा और जयपुर से आए थे। (प्रस)</p>