लघु उद्योग भारती के विस्तार के क्रम में जिले के कुशलगढ़ क्षेत्र में नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें अध्यक्ष राहुल भटेवरा, सचिव कुलदीप लोदावरा एवं कोषाध्यक्ष महेश अग्रवाल चुने गए। यह चित्तौड़ प्रान्त की 66 वीं व राजस्थान प्रदेश की 181वीं इकाई है। लघु उद्योग भारती भारत का सबसे बड़ा औद्योगिक संगठन है जो लघु सूक्ष्म मध्यम उद्योगों की सेवा के लिए समर्पित है। मुख्य अतिथि के रूप में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद ने कहा कि एमएसएमई एवं छोटे कुटीर उद्योग भारत की अर्थव्यवस्था की सदा से ही रीढ़ रहे हैं। परंपरागत रूप से भारत उद्योग प्रधान देश रहा है प्रत्येक घर में एक उद्योग स्थापित था और वही भारत को औद्योगिक रूप से सशक्त बनाता था। विदेशी आक्रांताओं ने जब भारत को सोने की चिड़िया के रूप में इन छोटे उद्योगों के कारण से प्रतिष्ठित होते देखा तो षडयंत्रपूर्वक उन्होंने भारत को कृषि प्रधान देश बताते हुए सभी को उद्योगों से वंचित एवं दूर करने का प्रयास किया लेकिन अब भारत स्वावलंबन और स्वदेशी की ओर अग्रसर हो रहा है। इन उद्योगों के माध्यम से ही भारत पुनः विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने पंच परिवर्तन की जानकारी देते हुए नागरिक कर्तव्यों के पालन का आह्वान किया। कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पवन गोयल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दशरथ सिंह तंवर, प्रांत महामंत्री प्रवीण गुप्ता, प्रांत उपाध्यक्ष महेश उपाध्याय, बांसवाड़ा अध्यक्ष अनिल मोटानी, खंड संचालक कैलाश राव मौजूद रहे। संचालन चार्टर्ड अकाउंटेंट कोतूल पडियार ने किया। अतिथियों का स्वागत ललित गोलेछा, राजकुमार प्रजापत, मुकेश अग्रवाल, योगेश भाई, दादम चंद, गोविंद दांतला आदि ने किया।