केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय ने टैक्सटाइल उद्यमिता एवं रोजगार मिशन (टीईईएम) योजना को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने के उद्देश्य से उद्योग भवन, नई दिल्ली में उद्योग परामर्श बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वस्त्र सचिव नीलम शामी राव, अतिरिक्त सचिव रोहित कंसल तथा मुंबई की वस्त्र आयुक्त वृंदा देसाई की उपस्थिति रही। मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने योजना के विभिन्न आयामों पर विस्तृत प्रस्तुति देते हुए उद्योग जगत से रचनात्मक सुझाव आमंत्रित किए। बैठक में टीईईएम योजना के चार प्रमुख स्तंभ सुलभ वित्त,
संचालन उत्कृष्टता, क्लस्टर सुदृढ़ीकरण तथा प्रतिस्पर्धात्मकता एवं नवाचार पर आधारित प्रावधानों की जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत बिना जमानत ऋण, पूंजीगत एवं ब्याज अनुदान, आधुनिक मशीनरी पर प्रोत्साहन, क्लस्टर आधारभूत संरचना विकास, वस्त्र सेवा केंद्रों की स्थापना तथा ब्रांड निर्माण एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नवाचार को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण उपाय शामिल हैं।
लघु उद्योग भारती ने रखा एमएसएमई हितों का पक्ष
बैठक में लघु उद्योग भारती की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मधुसूदन दादू, टैक्सटाइल उत्पाद समूह के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं चित्तौड़ प्रांत
अध्यक्ष महेश हुरकट तथा समूह समिति सदस्य गौरव अग्रवाल व दीपक शर्मा उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए। इनमें ब्याज दर पर अतिरिक्त अनुदान, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए पृथक प्रावधान, अनुदान राशि का निर्धारित समय सीमा में सीधे उद्यमियों के खातों में अंतरण, भारत निर्मित मशीनरी पर 40 प्रतिशत तक अतिरिक्त सहायता, विद्युत दरों में रियायत तथा सौर ऊर्जा संयंत्र एवं उपकरणों पर अनुदान शामिल हैं।