लघु उद्योग भारती के पूर्व अखिल भारतीय राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान में पूर्व एवं पूर्वोत्तर भारत के प्रभारी ओमप्रकाश मित्तल ने लघु उद्योग भारती के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए केंद्र सरकार से जुड़ी सभी समस्याओं और सुझावों को लिखित रूप में केंद्रीय कार्यालय को भेजने का अनुरोध किया तथा आश्वस्त किया कि ऐसे सभी विषयों के समाधान को लेकर पूरी गंभीरता से प्रयास किया जाएगा। इंदर अग्रवाल ने लघु उद्योग भारती को झारखंड में मजबूत बनाने और विस्तार देने के लिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया। समस्याओं के समाधान को लेकर उन्होंने अपना पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
चैंबर भवन में रविवार को लघु उद्योग भारती, झारखंड प्रदेश के प्रदेश कार्यकारिणी समिति की बैठक में ओमप्रकाश मित्तल एवं राष्ट्रीय सचिव सह झारखंड प्रांत प्रभारी इंदर अग्रवाल ने ये बातें कही। बैठक में झारखंड चैंबर आफ कामर्स के नवनिर्वाचित अध्यक्ष परेश गट्टानी एवं चैंबर के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
लघु उद्योग भारती के प्रांतीय अध्यक्ष विजय कुमार छापडिया ने स्वागत उद्बोधन करते हुए उद्योग जगत की कुछ वर्तमान समस्याओं की भी चर्चा की जिसमें मुख्य रूप से लेट डिलीवरी क्लाज के अंतर्गत 10 प्रतिशत कटौती को कम कर दो प्रतिशत करने का आग्रह किया। प्रदेश उपाध्यक्ष बिनोद अग्रवाल ने चार उद्यमी अमन चौरसिया, किशोर मंत्री, संदीप जाजोदिया और बिजय चौधरी को लघु उद्योग भारती की सदस्यता दिलाई। सभा में चारों ही नए सदस्यों का संगठन में स्वागत किया गया। बैठक में लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष ललित केडिया, सदस्य सुनिल अग्रवाल, रतन अग्रवाल, सत्यप्रकाश पांडे, प्रकाश हेतमसरिया, चैंबर के महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सदस्य अजय कुमार दधीच, मधुसूदन अग्रवाल, लाल बाबू सिंह पटेल एवं आशा सिन्हा सहित अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।