लघु उद्योग भारती की भिवानी शाखा की औपचारिक स्थापना की गई। संगठन की बैठक रोहतक रोड स्थित जीडी गोयनका स्कूल में हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम सर्राफ रहे। शाखा की स्थापना की घोषणा संस्था के प्रांतीय अध्यक्ष शुभआदेश मित्तल ने की। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 100 से अधिक उद्यमियों ने भाग लिया।
सभी उपस्थित उद्यमियों ने संगठन के माध्यम से उद्योगों के विकास, रोजगार सृजन और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का संकल्प लिया। इस दौरान लघु उद्योग राग भारती की नवगठित भिवानी शाखा डा. के पदाधिकारियों का विधिवत गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में रमन जैन को प्रधान, रमन अग्रवाल को उप प्रधान, मनीष वैद को सचिव, दीपक लच्छीराम को सहसचिव और फकीर चंद अग्रवाल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं लघु उद्योग भारती के संरक्षक सदस्य धर्मवीर नेहरा, शैलेंद्र जैन, सत्यनारायण मित्तल, रामचंद्र मित्तल, निकेश शाह रहे। सभी पदाधिकारियों व संरक्षक सदस्यों ने संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने और उद्यमियों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि लघु उद्योग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छोटे और मध्यम उद्योगों को संगठित करने से न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा। उन्होंने भिवानी में लघु उद्योग भारती की शाखा स्थापना को एक सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया। प्रांतीय अध्यक्ष शुभआदेश मित्तल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य उद्यमियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भिवानी शाखा द्वारा प्रशिक्षण शिविर, उद्योग संगोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूलमालाओं से स्वागत किया और उपस्थित उद्यमियों ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। यह आयोजन भिवानी जिले में औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।