<p>नवज्योति / जोधपुर । लघु उद्योग भारती जोधपुर प्रांत कार्यकारिणी बैठक राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड़ व जोधपुर प्रांत अध्यक्ष महावीर चौपड़ा के सान्निध्य में भवन सभागार में आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष बालड़ ने राजस्थान के उद्योगों के सामने आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने केन्द्र सरकार को राजस्थान मे पॉवरलूम सेक्टर विकसित करने, सोलर, टाइल्स हब बनाने, खान संबंधित विषय प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कर, जीएसटी, वित्त, बीमा, श्रम व पर्यावरण से संबंधित विषयों के बारे में जानकारी दी। प्रांत अध्यक्ष चौपड़ा ने कार्यकारिणी सदस्यों का स्वागत करते हुए लघु उद्योग भारती की ओर से किए गए कार्यों व उपलब्धियों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। बैठक मे जोधपुर प्रांत की संगठनात्मक विषय, उपलब्धियों, कार्यात्मक एवं आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। प्रान्त संयुक्त महासचिव सुरेशकुमार विश्नोई ने बताया कि लघु उद्योग भारती के नई दिल्ली स्थित मुख्य कार्यालय में आयोजित बैठक में पदाधिकारी से हुई वातानुसार भारतीय रिजर्व बैंक की गैर बैंकिग वित्तीय संगठन की ओर से एमएसएमई सेक्टर को बिना कॉलरेटल एक से 5 करोड़ तक के ऋण देने की प्रक्रिया व नियमों की जानकारी देने के लिए सम्मेलन जोधपुर में शीघ्र ही आयोजित किया जाएगा। जोधपुर महानगर उपाध्यक्ष पंकज भंडारी ने इकाई का वृत रखा और औद्योगिक क्षेत्र मे किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। बोरानाड़ा इकाई सचिव थानाराम चौधरी ने इकाई का वृत रखते हुए नए बने सदस्यों के बारे मे जानकारी दी। सांगरिया इकाई अध्यक्ष रवि गुप्ता ने इकाई का वृत रखते हुए औद्योगिक क्षेत्र में आ रही समस्याओं को रखा। महिला इकाई अध्यक्ष मोना हरवानी ने इकाई की ओर से आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी। सूरसागर इकाई से अशोककुमार गहलोत ने पर्यावरण व खान से संबंधित विषयों को रखते हुए आ रही समस्याओं के बारे मे बताया । कार्यकारिणी सदस्य महेन्द्र कांकरिया ने ईपीआर पोर्टल पर पंजीयन की बाध्यता को समाप्त करने के लिए प्रयास करने का सुझाव दिया। इस अवसर पर मंजू सारस्वत, नितिन सालेचा, बिन्दू जैन, दीपक माथुर, मीनू दूगड, मृदुल सालेचा, हरीश चांडक, कंचन लोहिया, हरीसिंह गहलोत, एच के गर्ग, सुरेश मुथा, बाबूलाल शाह, किशोर हरवानी, शिल्पा अग्रवाल एवं गौरव पुरोहित आदि उपस्थित थे।</p><p> </p><p> </p><p> </p>