जब युद्ध स्तर पर प्रयास किए जाते हैं तो एक ना एक दिन उन प्रयासों से सफलता अवश्य मिलती है। कुछ ऐसा ही लघु उद्योग भारती के साथ हुआ। राज्य सरकार द्वारा राज्य में औद्योगिक क्रान्ति के लिए जारी की गयी नई नीतियों के अंतर्गत राज्य मिनरल से टीपी को समाप्त कर दिया गया, जिसके लिए गत सभी इकाइया एकल एवं सामूहिक रुप से पूरे राज्य में अभियान के रूप में प्रयासरत थी। ब्यावर इकाई के अध्यक्ष सचिन नाहर ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 06 मई 2023 को इकाई के पालक अधिकारी प्रकाश जी अंबुरे के कार्यालय पर एक बैठक आयोजित कर परिवहन पास शुल्क से ब्यावर के मिनरल व्यवसाय पर पड़ने वाले विपरीत प्रभाव पर चर्चा की गई थी और साथ ही इस संदर्भ में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया था। उसी को कार्यान्वित करते हुए दिनांक 16 मई 2023 को ब्यावर जिला कलेक्टर के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री महोदय के नाम एक ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन के माध्यम से निवेदन किया गया था कि सरकारी तंत्र द्वारा 03 जनवरी 2022 के नोटिफिकेशन से पूर्व की जो व्यवस्था लागू थी, उसी व्यवस्था को आगे भी जारी रखते हुए इस टी.पी. व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाये। इस प्रकार का ज्ञापन लघु उद्योग भारती की सभी शाखाओं द्वारा पूरे राज्य में प्रेषित करवाया गया। तत्पश्चात दिनांक 6 सितंबर 2024 को जयपुर में प्रदेश की सभी इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक हुई एवं मिनरल से संबंधित विशेषज्ञों को इस बैठक में बुलाया और इन समस्याओं का समाधान किस प्रकार किया जा सकता है, इस पर विस्तार से चर्चा की। ब्यावर इकाई से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय खंडेलवाल, ब्यावर इकाई अध्यक्ष सचिन नाहर, सचिव विजय मेहता, जिला प्रभारी दीपक झंवर, उपाध्यक्ष जय आनंदानी व गगन भारद्वाज, कार्यकारिणी सदस्य रवि झंवर, नितिन नाहर, आशीष झंवर ने प्रतिवेदन तैयार करते हुए जयपुर की बैठक में प्रतिनिधित्व किया। इसके पश्चात दिनांक 23 अक्टूबर 2024 को संस्था के प्रदेश स्तरीय एक प्रतिनिधि मण्डल द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी, खान मंत्री जी और सचिव महोदय से व्यक्तिगत भेंट कर टी पी की अव्यवहारिकता और इसके दुष्परिणाम से अवगत कराया। साथ ही इस समस्या का निराकरण हेतु अमूल्य सुझाव भी साझा किए। और उन्ही सार्थक परिणामों से इस व्यवस्था को समाप्त किया जा सका। मिनरल व्यवसाय को टीपी से आ रही समस्या से मुक्ति दिलाने में लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रकाश चंद, राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, राष्ट्रीय सचिव नरेश जी पारीक, प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड ने अभूतपूर्व प्रयास किये। साथ ही कल जयपुर में माननीय मुख्यमंत्री भजन लाल जी द्वारा जारी की गई नई औद्योगिक नीतियों में भी लघु उद्योग भारती के द्वारा दिए सुझावों को सम्मिलित किया गया और इनके जारी करते समय लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष शांति लाल बालड़ उपस्थित भी थे। लघु उद्योग भारती, ब्यावर इकाई के सभी सदस्यगणों ने इस अभूतपूर्व प्रयासों के लिए माननीय मुख्यमंत्री महोदय सहित लघु उद्योग भारती द्वारा किए गए सभी प्रयासों की हार्दिक सराहना और धन्यवाद ज्ञापित किया।